Aam Aadmi Party Candidates List : हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई। राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता मैदान में उतर गए और चुनावी सभा कर रहे हैं। नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। इस बीच आप ने उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट जारी कर दी। पार्टी ने अबतक 70 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी।
कांग्रेस से बिना गठबंधन ही आम आदमी पार्टी ने हरियाणा चुनाव के लिए एक और लिस्ट जारी कर दी। 5वीं लिस्ट में 9 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया। पार्टी अबतक 70 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है। जिन सीटों पर आप ने उम्मीदवार उतारे हैं, वहां कांग्रेस से भी मुकाबला होगा।
आम आदमी पार्टी ने तोशाम से दलजीत सिंह और नंगल चौधरी से डॉ. गोपीचंद को चुनावी मैदान में उतारा है। पटौदी सीट से प्रदीप जुटेल चुनावी ताल ठोकेंगे। नरवाना से अनिल रंगा, फिरोजपुर झिरका से वशीम जफर, पुन्हाना से नायाब ठेकेदार बिसरू, होडल से एमएल गौतम, पलवल से धमेंद्र हिंदुस्तानी, पृथला से कौशल शर्मा को टिकट दिया गया है।
12 सितंबर है नामांकन की अंतिम तारीख
आपको बता दें कि हरियाणा चुनाव में 12 सितंबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। 90 सीटों पर एक ही चरण में 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 8 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। कांग्रेस और आप ने दिल्ली-हरियाणा में एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ा था। अगर पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो आप ने हरियाणा में 46 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी।