समुद्री रास्ते से देश में ड्रग्स की बड़ी खेप पहुंचाने की एक बहुत बड़ी साजिश को भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) और गुजरात एटीएस (ATS) ने नाकाम कर दिया है. अरब सागर में मुंद्रा तट के पास एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान करीब 1150 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त की गई है. इसे अब तक की सबसे बड़ी एंटी-नारकोटिक्स कार्रवाई माना जा रहा है. कोस्ट गार्ड के कमांडेंट अमित उनियाल ने न्यूज 24 को बताया कि गुजरात एटीएस को इस संबंध में एक बेहद सटीक और गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही इंडियन कोस्ट गार्ड के साथ तालमेल बिठाकर 5 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. कोस्ट गार्ड की इंटरसेप्टर बोट्स में एटीएस के अधिकारियों को भी तैनात किया गया और मुंद्रा एंकरिज इलाके में एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया गया.
---विज्ञापन---
यह सर्च ऑपरेशन 25 और 26 मई की आधी रात को चलाया गया. घोर अंधेरा होने के बावजूद टीमें लगातार मुस्तैद रहीं. इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों की नजर कंटेनर जहाज 'एमवी यूरोप' (MV Europe) पर पड़ी, जो मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर लंगर डाले खड़ा था.
---विज्ञापन---
समुद्र में फेंके जा रहे थे संदिग्ध बैग
अधिकारियों ने देखा कि जहाज से कुछ संदिग्ध बैग समुद्र में फेंके जा रहे हैं. बिना वक्त गंवाए आईसीजी (ICG) और एटीएस की संयुक्त टीम तुरंत हरकत में आई और उन बैगों को अपने कब्जे में ले लिया. जब बैगों की जांच की गई, तो उनमें सफेद पाउडर के पैकेट मिले, जिनकी जांच करने पर कोकीन होने की पुष्टि हुई. इस ऑपरेशन में कुल 115 पैकेट जब्त किए गए हैं. हर पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम है, यानी कुल 115 किलोग्राम कोकीन पकड़ी गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब ₹1150 करोड़ आंकी गई है.
---विज्ञापन---
बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट होने की आशंका
कार्रवाई के तुरंत बाद विदेशी कंटेनर जहाज 'एमवी यूरोप' को बंदरगाह पर लाया गया है. जहाज में मौजूद लोगों को पकड़ लिया गया है और उनके दस्तावेजों व क्रू मेंबर्स से गहन पूछताछ की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट सक्रिय है. फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल, गुजरात एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां संयुक्त रूप से इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की यह खेप कहां से आ रही थी और इसे भारत में किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था.
आपको बता दें कि पिछले पांच सालों में इंडियन कोस्ट गार्ड और एटीएस का मिलकर चलाया गया यह 15वां सफल मादक द्रव्य विरोधी अभियान है, जो समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
---विज्ञापन---