Dwarka Mahashivratri Shivling Theft: गुजरात के द्वारका में महाशिवरात्रि के त्योहार पर प्राचीन मंदिर से किसी ने शिवलिंग चोरी कर लिया। मामले में स्थानीय पुलिस ने बताया कि भीदभंजन भवानीश्वर महादेव मंदिर से एक शिवलिंग चोरी हुआ है। फिलहाल पुलिस अलग-अलग टीमें बनाकर जांच में जुटी है। बता दें कि घटना अरब सागर के किनारे स्थित कल्याणपुर की है। जिस जगह से शिवलिंग चोरी हुआ, उसके नजदीक में प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरसिद्धि माताजी का मंदिर है। मामले में पुजारी ने बताया कि जैसे ही वे सुबह मंदिर पहुंचे तो हैरान रह गए। मंदिर में सारा सामान था, लेकिन शिवलिंग गायब था। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
जल्द आरोपी को पकड़ेंगे
मामले में पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि मंदिर में सभी वस्तुएं अपनी जगह पर हैं लेकिन शिवलिंग गायब ह। पुलिस ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की हैं। एफआईआर दर्ज कर ली गई है, तलाशी जारी है। जहां यह घटना हुई, वह सदियों पुराना मंदिर है।
चोरी की घटना को लेकर एसपी नीतीश कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी गई। अरब सागर में गोताखोरों की मदद से तलाशी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है, लेकिन जल्द ही आरोपी तक पहुंचेंगे।