Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में बिजली आपूर्ति को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें निवासी शिव रंजन कुमार ने बिल्डर और बिजली आपूर्ति कंपनी पर जानबूझकर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिव रंजन का कहना है कि वह एक कानूनी उपभोक्ता है। सुप्रीम कोर्ट तथा उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (UPERC) समेत कई संस्थाओं के स्पष्ट आदेश उनके पक्ष में है। इसके बावजूद बार-बार उनके फ्लैट की बिजली काटी जा रही है।
4 दिनों तक अंधेरे में रहा परिवार
निवासी ने बताया कि हाल ही में उनका परिवार 4 दिनों तक अंधेरे में रहा और बिजली केवल तब बहाल की गई जब उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से हस्तक्षेप की अपील की। बहाली के 2 दिन बाद ही बिना किसी वैध सूचना के एक बार फिर बिजली काट दी गई। यह सिलसिला लगातार जारी है, जिससे उनका परिवार मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद परेशान है।
NPCL नहीं ले रहा कोई एक्शन
शिव रंजन का आरोप है कि नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) बिल्डर की मनमानी के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। प्रीपेड मीटर प्रणाली के तहत बिजली के साथ-साथ अन्य शुल्क जैसे कि रखरखाव भी जबरन काटे जा रहे है। यह पूरी तरह से गलत है। इतना ही नहीं न्यायालय में मामला उठाने के चलते उन्हें धमकाया जा रहा है। आरोप है कि मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।
मल्टी पॉइंट कनेक्शन की मांग
निवासी की मांग है कि जल्द से जल्द सोसायटी में मल्टी-पॉइंट कनेक्शन की व्यवस्था लागू की जाए। जैसा कि UPERC ने निर्देशित किया है। साथ ही प्रीपेड मीटर से केवल बिजली से संबंधित शुल्क ही लिए जाए। अन्य शुल्कों की कटौती पर रोक लगे। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए।