Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में बिजली कटौती ने रुलाया, त्यौहार हुआ फीका
Author: News24 हिंदी
Aug 09, 2025 11:48 PM IST
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में शनिवार को रक्षाबंधन के दिन शाम को हुई अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का त्योहार फीका कर दिया। शाम के समय रिश्तेदार और दोस्त एक दूसरे के घर पर खाना खाने के लिए आए, तभी बिजली कटौती ने सभी को रुला दिया है। शाम 6 बजे के करीब बिजली कटी और 9:30 बजे तक नहीं आई।
रेस्टोरेंट में खाना खाने चले गए लोग
शहर की ज्योति किरण सोसायटी में रहने वाले विनोद कुमार ने बताया कि बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती ने त्यौहार का रंग फीका कर दिया। शाम 6 बजे बिजली कट गई। खाना खाने के दौरान तक जब बिजली नहीं आई तो वह अपने दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए चले गए।
बारिश में चरमरा जाती है बिजली व्यवस्था
ग्रेटर नोएडा में अक्सर देखा गया है कि बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था चर मरा जाती है। करीब एक सप्ताह पहले भी जब बारिश हुई थी तो शहर के मुख्य सेक्टर 37 के अलावा कई अन्य स्थानों पर कई घंटे तक बिजली कटौती हुई थी। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा था।
बार-बार आता रहा मैसेज
शनिवार को त्यौहार के दिन ग्रेटर नोएडा में हुई बिजली कटौती के बाद एनपीसीएल का बार-बार मैसेज आता रहा कि कुछ ही देर में बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी। करीब 4 घंटे तक यह सिलसिला जारी रहा। लोगों को रात के समय अंधेरे में रहना पड़ा।