क्या AAP छोड़ बीजेपी में शामिल होंगे राघव चड्ढा? पार्टी से बढ़ती दूरियों ने तेज की चर्चा

आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच बढ़ती दूरियों ने सियासी हलचल तेज कर दी है. सुरक्षा में बदलाव और बीजेपी नेताओं से मुलाकातों की खबरों ने उनके अगले कदम पर सस्पेंस बढ़ा दिया है.

Raghav Chadha (1)

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर सियासी गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है. पंजाब सरकार द्वारा उनकी जेड प्लस सुरक्षा हटाए जाने और केंद्र सरकार द्वारा उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने के बाद अटकलों का बाजार गरम है. आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बड़ा दावा करते हुए आरोप लगाया है कि राघव चड्ढा भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं. उनके अनुसार राघव की बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ गोपनीय बैठक भी हुई है और सुरक्षा में यह अचानक बदलाव इसी राजनीतिक सौदेबाजी का हिस्सा हो सकता है. हालांकि अभी तक इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

विज्ञापन

इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट और केंद्र का फैसला

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राघव चड्ढा को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला इंटेलिजेंस ब्यूरो की एक ताजा समीक्षा रिपोर्ट के बाद लिया गया है. इस रिपोर्ट में उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा देने की सिफारिश की गई थी जिसके आधार पर केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है. फिलहाल जब तक केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं होती तब तक दिल्ली पुलिस को उनकी अस्थायी सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है. पार्टी प्रवक्ता का कहना है कि उनके पास विश्वसनीय जानकारी है कि बीजेपी नेतृत्व और राघव के बीच बातचीत अंतिम दौर में है. इस घटनाक्रम ने आप और चड्ढा के बीच के रिश्तों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

विज्ञापन

पार्टी के भीतर बढ़ता तनाव और गंभीर आरोप

राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच दूरियां तब और स्पष्ट हो गईं जब उन्हें राज्यसभा में पार्टी के उप-नेता पद से हटा दिया गया. इस फैसले के बाद राघव ने एक वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर उन्हें किनारे करने के गंभीर आरोप लगाए थे. इसके जवाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान, आतिशी और संजय सिंह जैसे दिग्गज नेताओं ने उन पर तीखे पलटवार किए. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि राघव संसद में कम सक्रिय रहते हैं और केवल अपनी चमक-धमक वाली पीआर को प्राथमिकता देते हैं. संसद में प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान विपक्ष के वॉकआउट में शामिल न होने पर भी उन पर सवाल उठाए गए हैं.

विज्ञापन

बीजेपी की प्रतिक्रिया और आगे की राह

इस पूरे विवाद के बीच बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि किसी भी नेता का राजनीतिक दिशा बदलना उसका व्यक्तिगत निर्णय होता है लेकिन आम आदमी पार्टी में जिस तरह नेताओं का इस्तेमाल कर उन्हें किनारे किया जा रहा है वह चिंताजनक है. सचदेवा के अनुसार आप के भीतर आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो रहा है और इसी वजह से कई नेता अब घुटन महसूस कर रहे हैं. फिलहाल राघव चड्ढा या बीजेपी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन जिस तरह से आप के भीतर के मतभेद सार्वजनिक हुए हैं उससे साफ है कि आने वाले दिनों में पंजाब और दिल्ली की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ