सोशल मीडिया पर ‘प्रैंक’ और ‘स्ट्रीट कॉमेडी’ के नाम पर बनाई गई एक रील ने दिल्ली के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर आमिर शौकीन उर्फ मोहम्मद आमिर को हवालात पहुंचा दिया है. त्रिपुरा के एक युवक पर खुलेआम नस्लीय और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. अब त्रिपुरा पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुकी है.
कौन है आमिर शौकीन?
आमिर शौकीन दिल्ली का एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है. इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर वह अक्सर आम लोगों के साथ बातचीत और प्रैंक शैली के वीडियो बनाता रहा है. इंस्टाग्राम पर उसके 1 लाख 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं और वह 2,000 से ज्यादा वीडियो अपलोड कर चुका है. हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स का आरोप है कि उसके वीडियो मजाक के नाम पर अक्सर दूसरों का सार्वजनिक उपहास उड़ाने और उत्पीड़न की हद तक पहुंच जाते हैं.
एक महीने पहले बनाया था विवादित वीडियो
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आमिर शौकीन ने करीब एक महीने पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने त्रिपुरा के रहने वाले युवक पर नस्लीय टिप्पणियां की थीं. वीडियो में वह युवक को ‘चाइनीज’ कहता और उसका सार्वजनिक रूप से मजाक उड़ाता नजर आया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई नेताओं ने इस पर सख्त आपत्ति जताई और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. चौतरफा घिरने के बाद आमिर ने माफी मांगते हुए दावा किया कि यह वीडियो ‘स्क्रिप्टेड’ था और केवल मजाक के उद्देश्य से बनाया गया था.
सदर बाजार थाने में केस दर्ज, त्रिपुरा पुलिस भी पहुंची
सोशल मीडिया पर यह मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझा और किसी बाहरी शिकायत का इंतजार किए बिना खुद ही मामले में शिकायतकर्ता बन गई. उत्तरी जिले की डीसीपी निहारिका भट्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने किसी औपचारिक शिकायत का इंतजार किए बिना खुद संज्ञान लिया और सदर बाजार थाने में BNS की कई धाराओं (192, 196, 352 और 353) के तहत मामला दर्ज किया. टेक्निकल सर्विलांस और कई टीमों की छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया. अब त्रिपुरा पुलिस की टीम सदर बाजार थाने पहुंचकर आरोपी की कस्टडी लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है.