कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली में इन रास्तों से गुजरेंगे कांवड़िए, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान

सावन के शुरुआत होने से पहले ही कांवड़ यात्रा शुरू हो जाती है. इस दौरान भक्तों की भारी भीड़ विभिन्न शिव मंदिरों की ओर बढ़ती है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

kanwar yatra 2026

Delhi Traffic Advisory: सावन के महीने में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. श्रद्धालुओं की सुरक्षित और बिना किसी रोक टोक के आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं. पुलिस ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट और ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके.

विज्ञापन

जारी एडवाइजरी के अनुसार, कांवड़ियों की आवाजाही के लिए आईएसबीटी, शाहदरा, लोनी बॉर्डर, खजूरी चौक, गाजीपुर बॉर्डर और रिंग रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू रहेगा. पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए अलग लेन और रूट बनाए गए हैं. आवश्यकता पड़ने पर इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोका या डायवर्ट किया जा सकता है.

विज्ञापन

कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित किए गए पारंपरिक मार्ग

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने पारंपरिक मार्ग तय किए हैं. यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित रूट का ही उपयोग करें.

  • अप्सरा बॉर्डर से आने वाले कांवड़िए शाहदरा फ्लाईओवर रोड, सीलमपुर टी-पॉइंट और ISBT फ्लाईओवर होते हुए आगे बढ़ेंगे. वापसी के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है.
  • भोपुरा बॉर्डर से प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं का रूट वजीराबाद रोड, लोनी गोल चक्कर फ्लाईओवर, गोकुलपुरी टी-पॉइंट, 66 फुटा रोड, सीलमपुर टी-पॉइंट, NH-1 और नया ISBT ब्रिज से होकर रहेगा. लौटते समय भी इसी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा.
  • लोनी बॉर्डर से आने वाले कांवड़िए लोनी फ्लाईओवर के रास्ते आगे बढ़ेंगे. वहीं सोनिया विहार बॉर्डर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुस्ता रोड, खजूरी फ्लाईओवर और वजीराबाद रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है. दोनों मार्गों पर वापसी भी इसी रूट से होगी.
  • भोपुरा बॉर्डर से आने वाले एक अन्य मार्ग में वजीराबाद रोड, वजीराबाद पुल और आउटर रिंग रोड को शामिल किया गया है. वापसी के लिए भी यही रास्ता लागू रहेगा.
  • इंदिरापुरम नाला रोड से आने वाले श्रद्धालु गाजीपुर बॉर्डर, न्यू अशोक नगर और पुस्ता रोड के रास्ते अपनी यात्रा पूरी करेंगे. लौटते समय भी उन्हें इसी निर्धारित मार्ग का पालन करना होगा.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के इंदिरापुरम और गाजियाबाद की ओर से आने वाले कांवड़िए गाजीपुर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करेंगे. इसके बाद उनकी यात्रा निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ेगी. इसी प्रकार लोनी बॉर्डर और शाहदरा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि विभिन्न दिशाओं से आने वाले यातायात का बेहतर प्रबंधन किया जा सके.

विज्ञापन

प्रशासन ने विशेष रूप से कार्यालय आने-जाने वाले लोगों, स्कूल वाहनों, मालवाहक वाहनों और लंबी दूरी की बसों के चालकों को सलाह दी है कि वे पीक आवर्स के दौरान प्रभावित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें. कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से यातायात पर निगरानी रखी जाएगी.

विज्ञापन

इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अलग व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले लाइव ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Versha Singh

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ