DDA Parks Free Entry: दिल्ली के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया मूवमेंट' को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने एक बड़ा फैसला लिया है. अब दिल्ली के उन सभी बड़े और हेरिटेज पार्कों में सुबह 10 बजे तक लोगों को फ्री एंट्री मिलेगी जहां पहले प्रवेश शुल्क लिया जाता था. यह निर्णय उपराज्यपाल (एलजी) और डीडीए के चेयरमैन तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर लिया गया है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुबह की सैर व व्यायाम के लिए प्रोत्साहित करना है. अब सुबह के समय घूमने और योग करने वाले लोगों को अपनी जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी.

इन प्रमुख पार्कों में खत्म हुआ एंट्री शुल्क का झंझट

डीडीए के इस फैसले के दायरे में दिल्ली के कई नामी पार्क और बायोडायवर्सिटी पार्क आएंगे. अब महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क, बांसेरा, आसिता, क्रांति उद्यान और अटल सद्भावना पार्क में सुबह 10 बजे तक मुफ्त प्रवेश मिलेगा. इसके अलावा वासुदेव पार्क, वैष्णवी पार्क, अमृत बायोडायवर्सिटी पार्क, लाला हरदयाल पार्क और स्मृति वन में भी यह नियम लागू होगा. बता दें कि इन पार्कों में पहले 20 से लेकर 50 रुपये तक की एंट्री फीस लगती थी. सुबह के समय फीस हटने से अब ज्यादा से ज्यादा लोग इन खूबसूरत और हरे-भरे इलाकों का लुत्फ उठा सकेंगे. यह कदम विशेष रूप से मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर आया है.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: Delhi Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ी खुशखबरी! जून से इन 5 बड़े रास्तों पर जाम से मिलेगी परमानेंट मुक्ति

---विज्ञापन---

द्वारका और वासुदेव पार्क में हुआ था भारी विरोध

पार्कों में एंट्री फीस लगाने के मुद्दे पर दिल्ली के कई इलाकों में लंबे समय से विरोध प्रदर्शन चल रहे थे. द्वारका के डीडीए पार्क को लोग कम्युनिटी पार्क की तरह इस्तेमाल करते थे लेकिन जब वहां फीस लगाई गई तो लोगों ने इसका जमकर विरोध किया. स्थानीय निवासियों का आरोप था कि पार्क में सुविधाएं बढ़ाई नहीं जा रही हैं लेकिन फीस वसूली जा रही है. फीस लागू होने के बाद पार्कों में आने वाले लोगों की संख्या यानी फुटफॉल में भी भारी गिरावट देखी गई थी. इसी तरह वासुदेव पार्क में भी शुल्क लगाने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी. जनता के इसी गुस्से और विरोध को देखते हुए प्रशासन ने अब सुबह के समय राहत देने का मन बनाया है.

---विज्ञापन---

10 बजे के बाद लागू रहेगा पुराना शुल्क नियम

हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि फ्री एंट्री की सुविधा केवल सुबह 10 बजे तक ही उपलब्ध रहेगी. इसके बाद चुनिंदा बड़े पार्कों में प्रवेश के लिए पहले की तरह ही शुल्क देना होगा. वर्तमान नियमों के अनुसार वयस्कों के लिए प्रति दिन लगभग 20 रुपये और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 10 रुपये की फीस निर्धारित है. वहीं 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रखा गया है. दिल्ली के प्रमुख पार्क जैसे भारत वंदना पार्क, जसोला का लाला हरदयाल पार्क और लक्ष्मी नगर का असिता पार्क योगा और हरियाली के लिए काफी मशहूर हैं. डीडीए की इस नई नीति से अब दिल्ली की सुबह और भी ज्यादा सेहतमंद और खुशनुमा होने वाली है.

---विज्ञापन---

---विज्ञापन---