दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करोल बाग और आनंद पर्वत इलाके में चल रहे नकली मोबाइल फोन के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 1658 तैयार मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और उपकरण बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कबाड़ और कंपनियों द्वारा रिजेक्ट किए गए मोबाइल फोन को अलग-अलग राज्यों से सस्ते दामों में खरीदकर उन्हें अपने ठिकानों पर दोबारा तैयार किया. ये लोग खराब मोबाइल के पार्ट्स को मशीनों की मदद से ठीक करते थे, उनमें फर्जी IMEI नंबर डालते थे और फिर उन्हें ब्रांडेड कंपनी के नए मोबाइल की तरह पैक कर बाजार में बेच देते थे.
---विज्ञापन---
गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने करोल बाग के देव नगर और आनंद पर्वत में छापेमारी की जहां अवैध मोबाइल असेंबली यूनिट चल रही थी. मौके से रूप किशोर और पप्पू गुप्ता को गिरफ्तार किया गया जो पिछले डेढ़ से दो साल से इस धंधे में शामिल थे.
---विज्ञापन---
यह भी पढ़ें;दिल्ली पुलिस ने चलाया ऑपरेशन ‘CyHawk 4.0’, मशहूर फूड चेन ‘खान चाचा’ का बेटा गिरफ्तार
जांच में यह भी सामने आया है कि ये नकली मोबाइल दिल्ली के गफ्फार मार्केट के अलावा मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में भी सप्लाई किए जाते थे. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1663 IMEI चिप, 400 से ज्यादा स्क्रैप मोबाइल, 144 मदरबोर्ड, सैकड़ों चार्जर, बैटरी और स्क्रीन के साथ-साथ मोबाइल रिपेयरिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी जब्त की हैं.
कम लागत में कबाड़ खरीदकर उसे नया बनाकर बेचने के कारण यह गिरोह ज्यादा मात्रा में मुनाफा कमा रहा था. फिलहाल इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें;दिल्ली मेट्रो में ‘इन-लाइन इंटरचेंज’ सिस्टम होगा लागू, जानिए कैसे बनेगा आपका सफर और भी