दिल्ली में क्यों बिछी धूल की चादर? जानिए सेहत पर कैसे डालेगी असर
Author: Pooja Mishra
May 15, 2025 12:58 PM IST
दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए गुरुवार की सुबह का आसमान धूल की रहा। दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के ज्यादातर इलाकों में धूल भरी चादर बिछी हुई दिखाई दी। ऑफिस जा रहे लोगों को पहले लगा कि चारों तरफ फैली धुंध हुई है। लेकिन बाद में जब सांस लेने में परेशानी हुई तो पता कि ये धूल भरी चादर है। एक दिन पहले ही दिल्ली और नोएडा समेत एनसीआर के कई हिस्सों में तेज भारी बारिश हुई थी। इसके बाद मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने सभी को हैरान कर दिया।
फिर खराब हुई दिल्ली की हवा
न्यूज एजेंसियों की तरफ से इंडिया गेट, अक्षरधाम और कई अलग-अलग क्षेत्रों की वीडियो शेयर की गई है। वीडियो में इन इलाकों में फैली हुई धूल की परत को साफ देखा जा सकता है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में अगले हफ्ते तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस बात की पूरी संभावना है कि इस दौरान बारिश हो। बारिश के बाद दिल्ली से धूल की ये चादर हट सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने कहा कि स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। IMD के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली के पंजाबी बाग, सिरीफोर्ट और जहांगीरपुरी में AQI खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।
दिल्ली में क्यों बिछी धूल की चादर?
दिल्ली में अचानक बिछी इस धूल का कारण बताते हुए मौसम विभाग ने कहा कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पलाम क्षेत्र में रात 10 बजे से 11:30 बजे के बीच काफी तेज धूल भरी हवा चली। जिसकी वजह से दिल्ली के कई इलाकों समेत नोएडा के कई सेक्टर में विजिबिलिटी कम हो गई थी। यहां विजिबिलिटी 4500 मीटर से घटकर मात्र 1200 मीटर रह गई।
सेहत पर कैसा पड़ेगा असर?
हिन्दूस्तान टाइम्स की एक खबर में फोर्टिस हेल्थकेयर के सीनियर पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. विकास मौर्य ने बताया कि इस धूल भरी हवा के कारण फेफड़ों में गहराई तक पार्टिकुलेट मैटर जमा हो सकते हैं। जिसकी वजह से लॉन्ग टर्म हेल्थ को नुकसान होता है। इससे फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां बढ़ सकती हैं। इसके अलावा आंखों में जलन और गले में दर्द हो सकता है। अगर ये लंबे समय तक रहा तो इसके संपर्क में रहने से अस्थमा भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें: बिहार के 24 जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट, जानें कब आएगी बारिश, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
बरतें ये सावधानियां
ऐसे में कुछ दिल्ली के लोगों को सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। जैसे जितना हो सके लोग घर के अंदर ही रहें। जिन लोगों को अस्थमा जैसी बीमारी है, वो इस मौसम बाहर निकलने से बचें और अगर मुमकिन हो तो घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद ही रखें। अगर बाहर निकलना भी है तो N95 मास्क पहनें। इसके अलावा घर के बाहर पार्क जैसी जगहों पर व्यायाम करने से बचें। धूल से बचने के लिए बार-बार हाथ और आंखों को धोएं। घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।