Delhi Weather Impact on Trains Timing: दिल्ली में सुबह-शाम कोहरा छाने लगा है। वायु प्रदूषण के कारण स्मॉग की मोटी चादर भी बिछी है। हालांकि 2 दिन से वायु प्रदूषण से राहत मिली है और दिल्ली की हवा साफ नजर आ रही है, लेकिन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) कुछ इलाकों में अभी भी 400 से ऊपर है। कहीं-कहीं 400 से नीचे AQI रिकॉर्ड हुआ है।
हवा साफ होने से AQI का स्तर गंभीर से बेहद खराब की श्रेणी में आ गया है। सुबह-शाम कोहरा छाने से विजिबिलिटी भी कम है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगे बहुत घना कोहरा छाने के आसार जताए हैं। दूसरी ओर, दिल्ली में स्मॉग और फॉग का डबल अटैक ट्रेनों की टाइमिंग पर पड़ रहा है। दिल्ली आने-जाने वाली 14 ट्रेनें अपने समय से लेट दौड़ रही हैं। 11 ट्रेनों का रूट भी डायवर्ट किया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
दिल्ली में आज AQI 371 रिकॉर्ड हुआ
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आज सुबह 371 पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है, जिसमें पार्टिकुलेट मैटर 2.5 (PM2.5) प्रमुख प्रदूषक है। सुबह 6:30 बजे, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कानपुर और बेंगलुरु हवाई अड्डों पर दृश्यता 300 मीटर से कम बताई। उत्तर प्रदेश के वाराणसी और गोरखपुर हवाई अड्डों पर भी दृश्यता 400 मीटर से कम बताई गई। इसका सीधा असर रेलवे पर पड़ा है।
दिल्ली आने-जाने वाली 14 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि 11 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। आस-पास के क्षेत्रों में AQI का स्तर खराब रहा। गुरुग्राम में 298, गाजियाबाद में 291, फरीदाबाद में 243, नोएडा में 253 और ग्रेटर नोएडा में 212 AQI है। प्रदूषण के स्तर पर अंकुश लगाने के लिए नई दिल्ली नगर निगम (NDMC) ने शुक्रवार सुबह कई स्थानों पर रात्रिकालीन सफाई तथा सड़कों की सफाई का कार्य किया।
दिल्ली में ग्रैप के चारों फेज लागू
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने GRAP-IV लागू होने तक अलग-अलग समय पर काम करने का समय भी तय किया है। सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक ऑफिसों में काम होगा। इस सप्ताह की शुरुआत में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP-III और GRAP-IV के तहत लागू प्रतिबंधों में बदलाव किया।
अब NCR राज्यों के लिए GRAP-III और GRAP-IV के तहत स्कूल बंद करना अनिवार्य किया गया है। राज्य सरकारों को यातायात की भीड़ और संबंधित उत्सर्जन को कम करने के लिए सार्वजनिक कार्यालयों और नगर निकायों के लिए अलग-अलग समय लागू किया गया है। ग्रैप-IV के तहत मास्क पहनने की सलाह भी दी गई है।