दिल्ली के कई इलाकों में 13 जून के दिन लोगों को कुछ घंटों के लिए बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है. राजधानी में लगातार बढ़ती बिजली खपत और गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए मेंटेनेंस और तकनीकी सुधार कार्य लगातार कई दिनों से जारी है. इसी क्रम में बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड (BRPL) ने 13 जून के लिए अपना मेंटेनेंस शटडाउन शेड्यूल जारी किया है. जिन इलाकों में यह काम होगा, वहां निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी काम पहले से निपटा लें.

यह भी पढ़ें: Viksit Bharat -2047: छात्राओं को फ्री साइकिल से लेकर मुफ्त MRI तक, CM रेखा गुप्ता ने PM के सामने रखा विकसित दिल्ली का रोडमैप

क्यों जरूरी है यह कार्य

बीएसईएस के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में केबल लाइन बिछाने, नेटवर्क अपग्रेडेशन, ट्रांसफॉर्मर लोड बैलेंसिंग, एलटी सर्किट मेंटेनेंस और अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे. इन कार्यों का उद्देश्य भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है. समय-समय पर होने वाला यह रखरखाव बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए जरूरी है, हालांकि इस दौरान कुछ इलाकों में कुछ घंटों तक बिजली बाधित रह सकती है, लेकिन आने वाले दिनों के लिए बेहद जरूरी भी है.

इन इलाकों में रहेगा पावर कट

13 जून को जिन इलाकों में पावर कट रहेगा, उनमें अलकनंदा, खानपुर, पालम, हौज खास, पंजाबी बाग, द्वारका, जाफरपुर, मोहन गार्डन, जनकपुरी और मुंडका जैसे इलाकों का नाम शामिल है. यहां अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी. कुछ क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से काम शुरू होगा, जबकि कई जगहों पर दोपहर तक मेंटेनेंस जारी रहेगा. ज्यादातर स्थानों पर बिजली कटौती की अवधि एक से चार घंटे के बीच निर्धारित की गई है.

बिजली कटौती के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

अगर आपका इलाका इस सूची में शामिल है, तो मोबाइल, इन्वर्टर और अन्य जरूरी उपकरणों को पहले से चार्ज कर लें. पानी की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पानी भी पहले से स्टोर कर सकते हैं, ताकि अगर काम में देरी होती है, तो आपको परेशानी न हो. यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है.

यह भी पढ़ें: Delhi Traffic Alert: राजधानी दिल्ली में भारी ट्रैफिक का अलर्ट, इस रोड पर सफर करने वाले हो