उत्तराखंड के Rudraprayag में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में फरार आरोपी को Delhi Police की नॉर्थ-वेस्ट जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान नेपाल निवासी 38 वर्षीय दीपक बहादुर के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार 6 मार्च को Tilwada क्षेत्र में एक किराए के कमरे से बदबू आने की सूचना पुलिस को मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर एक महिला और उसकी 9 वर्षीय बेटी के शव पड़े मिले. दोनों की कई दिन पहले हत्या किए जाने की आशंका जताई गई. घटना के बाद से महिला के साथ रह रहा दीपक बहादुर फरार था.
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन दिल्ली के Azadpur Mandi के आसपास मिली. इसके बाद नॉर्थ-वेस्ट जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने निगरानी बढ़ाई और आखिरकार आरोपी को New Delhi Railway Station से उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहा था.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी महिला से पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी और दोनों लिव-इन में रह रहे थे. आरोपी को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसके चलते झगड़े के दौरान उसने महिला और उसकी बेटी की हत्या कर दी.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए उत्तराखंड पुलिस को सौंप दिया गया है. मामले की जांच जारी है.