दिल्ली में फिर से आतंकी हमले का अलर्ट, IED हमले की आशंका के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
Author: Varsha Sikri
2026-05-09 23:44:45
देश की राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी खतरे को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है. खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस और बाकी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकवादी राजधानी के खास इलाकों और भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बना सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, आतंकी IED यानी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के जरिए हमला कर सकते हैं. इस चेतावनी के बाद दिल्ली के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. प्रमुख सरकारी भवनों, राजनीतिक कार्यालयों, बाजारों और ट्रांसपोर्ट हब पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
दिल्ली में सुरक्षा चाक चौबंद
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में कई जगह बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है. संदिग्ध वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है. बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वॉड और क्विक रिएक्शन टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार CCTV कैमरों और खुफिया नेटवर्क के जरिए हालात पर नजर बनाए हुए हैं. रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया है कि दिल्ली में मौजूद बीजेपी मुख्यालय और आसपास के इलाकों की सुरक्षा को विशेष रूप से मजबूत किया गया है. यहां एंटी-सबोटाज जांच और एक्स्ट्रा निगरानी की जा रही है. अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
हालांकि अभी तक किसी विशेष स्थान या हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लेना चाहतीं. इसी वजह से राजधानी के संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. आम लोगों से भी अपील की गई है कि वो किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. इससे पहले भी दिल्ली में कई बार आतंकी हमलों की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किए जा चुके हैं. हाल के महीनों में सुरक्षा एजेंसियों ने कुछ संदिग्ध मॉड्यूल का पर्दाफाश भी किया था. ऐसे में इस नए अलर्ट को बेहद गंभीर माना जा रहा है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines