मौत सामने थी, वो हाथ जोड़ गिड़गिड़ा रही थी लेकिन...IAS स्टूडेंट ने सुनाई दिल्ली हादसे की खौफनाक आंखोंदेखी

Delhi IAS Coaching Center Tragedy: दिल्ली में IAS कोचिंग सेंटर में हुए हादसे की आंखोंदेखी स्टूडेंट्स ने सुनाई है। हादसे के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका भी डाली गई है। MCD ने भी मामले में बड़ा एक्शन लिया है। आइए जानते हैं, मामले से जुड़े कुछ अपडेट्स और प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी हादसे की कहानी…

Delhi Rau IAS Coaching Center

Delhi IAS Coaching Center

Delhi IAS Coaching Centre Tragedy Updates: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में बने राउ IAS कोचिंग सेंटर हादसे ने कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। शनिवार को सेंटर के बेसमेंट में बारिश का पानी भर गया। बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में स्टूडेंट्स स्टडी कर रहे थे कि अचानक बारिश का पानी भरने लगा। इससे पहले की स्टूडेंट्स बाहर निकल पाते करीब 10 फीट पानी भर गया और 3 स्टूडेंट्स फंस गए, जिनमें एक लड़की भी थी।

तीनों को बचाया नहीं जा सका, गंदे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। बचाव दल को तीनों की लाशें मिलीं। श्रेया यादव, नवीन डालविन और तानिया सोनी तीनों की जान बचाई जा सकती थी, लेकिन बेसमेंट में पानी भरने के बाद हालात ऐसे बन गए कि उनकी मौत हो गई। बेसमेंट से बचकर निकले स्टूडेंट हृदयेश ने उस वक्त का आंखों देखा मंजर सुनाया तो वह फूट-फूट कर रोने लगा। उसने कहा कि वह दोनों लड़कियों की उन आंखों को नहीं भूल सकता, जो मदद तलाश रही थीं।

गेट जाम, गंदा पानी और बिजली का जाना

हृदयेश और रमेश के अनुसार, 15 से 50 स्टूडेंट्स लाइब्रेरी में थे। NDRF ने करीब 15 स्टूडेंट्स रेस्क्यू किए, लेकिन उन तीनों को नहीं बचाया जा सका। समय पर मदद मिलती तो जान बच सकती थी, लेकिन पानी भरते ही बायोमीट्रिक गेट लॉक हो गया। स्टूडेंट्स कुर्सियों पर चढ़ गए। बाहर खड़े लोगों ने रस्सियां फेंकी, लेकिन गंदा पानी होने रस्सियां वे पकड़ नहीं पाए। बिजली भी बंद हो गई तो अंधेरे में कोई नजर नहीं आया। श्रेया, तानिया और नवीन तीनों कुर्सियों पर खड़े थे।

श्रेया और तानिया मदद के लिए चिल्ला रही थीं। हाथ जोड़ मदद मांग रही थीं, लेकिन बेबसी का मंजर था। नवीन ने उन्हें संभालने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई कुछ नहीं कर पाया। धीरे-धीरे दोनों की आवाज बंद हो गई। उनके मुंह में पानी भरने लगा था। एक युवक पानी में कूदा, लेकिन वह भी उन तक नहीं पहुंचा पाया। पानी ऐसे बह रहा था, जैसे दरिया हो। तीनों की मौत पानी में डूबने से हुई। पानी भरते ही NDRF को फोन कर दिया था, लेकिन शायद किस्मत को कुछ और मंजूर था।

MCD के अधिकारियों से पूछताछ करेगी पुलिस

दिल्ली कोचिंग सेंटर हादसे के बाद दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। दिल्ली पुलिस MCD के अधिकारियों से पूछताछ करेगी, जिनके ऊपर ओल्ड राजेंद्र नगर के कोचिंग सेंटर्स की  जिम्मेदारी थी। चाहे ड्रेनेज सिस्टम से जुड़ी समस्या हो या बिल्डिंग का नक्शा पास करने से लेकर NOC इशू करना हो, सभी मुद्दों को लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी। मामला लापरवाही का है तो ऐसे में उन एमसीडी अधिकारियों पर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को हादसे की मजिस्ट्रेट जांच कराकर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।

पुलिस-NDRF भी हादसे की जिम्मेदार

हादसे के विरोध में प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स ने दिल्ली पुलिस और NDRF को भी श्रेया, तानिया और नवीन की मौत का जिम्मेदार ठहराया। क्योंकि फोन करके हालात बताने के बावजूद दोनों हादसास्थल पर देरी से पहुंचे। शाम के करीब 7 बजे थे और बेसमेंट का दरवाजा लॉक हो चुका था। बिजली भी ठप हो गई थी। स्टूडेंट्स पानी में फंसे थे। अगर समय रहते NDRF के गोताखोर उन्हें निकाल लेते तो तीनों की जान बच जाती। पानी कितना था, इसका अंदाजा इस बात से लगा लीजिए कि सेंटर के बाहर लगने वाली रेहड़ी भी डूब गई थी। उसका मालिक स्टूडेंट्स की मदद करने में जुटा था।

हाईकोर्ट में याचिका दायर

राउ IAS कोचिंग सेंटर में हुआ हादसा दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। राष्ट्रीय प्रवासी मंच ने जनहित याचिका दायर करके दिल्ली में पढ़ रहे स्टूडेंट्स की सेफ्टी सुनिश्चित करने की मांग की है। हादसे में मारे गए स्टूडेंट्स के लिए मुआवजा भी मांगा गया है। याचिका में मांग की गई है कि दिल्ली में दूसरे राज्यों से आने वाले स्टूडेंट्स की सेफ्टी के लिए गाइडलाइन बनाई जाए। याचिका में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार, MCD और राउ IAS कोचिंग सेंटर को मालिक को पार्टी बनाया गया है।

मालिक गिरफ्तार, LG ने मांगी रिपोर्ट

BNS की धारा 105, 106(1), 152, 290 और 35 के तहत FIR दर्ज हुई है। दिल्ली पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता और को-ऑर्डिनेटर देशपाल सिंह को पकड़ लिया। उन्हें कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में लिया गया है। वहीं LG वीके सक्सेना ने हादसे की जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। उन्होंने डिविजनल कमिश्नर को 2 दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। मेयर शेली ओबेरॉय ने म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD) को उन सभी संस्थानों की जांच करने के आदेश दिए हैं, जो बेसमेंट में अवैध रूप से गतिविधियां कर रहे हैं। बेसमेंट में लाइब्रेरी या क्लास लगाने वाले 13 कोचिंग सेंटर तो सील भी कर दिए गए हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ