Arvind Kejriwal Sunita Kejriwal Dehli Excise Policy Case: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कल मैं केजरीवाल से मिलने गई। उनकी तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें डायबिटीज है। उनका शुगर लेवल ठीक नहीं चल रहा है। दो दिन पहले उन्होंने जल मंत्री आतिशी को संदेश भेजा कि लोगों की पानी और सीवर की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। क्या यह गलत है? इसको लेकर केंद्र सरकार ने दिल्ली सीएम पर केस कर दिया। क्या ये लोग दिल्ली को तबाह करना चाहते हैं। क्या ये चाहते हैं कि लोग अपनी समस्याओं से जूझते रहें। इस बात से अरविंद केजरीवाल को बड़ा दुख पहुंचा है।
‘केजरीवाल सच्चे और निडर व्यक्ति हैं’
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि ईडी ने मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन और हमारे यहां भी छापा मारा, लेकिन एक भी पैसा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल बहुत सच्चे, देशभक्त, निडर और साहसी व्यक्ति हैं। उनकी लंबी आयु और सफलता की कामना करें। उन्होंने कहा है कि मेरा शरीर जेल में है, लेकिन आत्मा आप सबके बीच में हैं।
‘अरविंद केजरीवाल कल करेंगे बड़ा खुलासा’
दिल्ली सीएम की पत्नी ने कहा कि केजरीवाल 28 मार्च को कोर्ट के सामने शराब घोटाले पर बड़ा खुलासा करेंगे। वे देश को सच-सच बताएंगे कि इस कथित शराब घोटाले का पैसा कहां है। वे इसका सबूत भी देंगे।
‘हर पल देश की सेवा करता रहूंगा’
इससे पहले, 23 मार्च को सुनीता केजरीवाल ने ईडी की हिरासत से भेजे गए अरविंद केजरीवाल के संदेश को पढ़ा था। इस संदेश में केजरीवाल ने लोगों को भरोसा दिलाया था कि वे जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मैं जेल के अंदर रहूं या बाहर, हर पल देश की सेवा करता रहूंगा।
‘मैं जल्द जेल से बाहर आऊंगा’
दिल्ली सीएम ने कहा कि मेरा जन्म संघर्ष करने के लिए ही हुआ है। मेरे शरीर का हर एक कतरा देश के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई सलाखें नहीं बनी हैं, जो आपके बेटे और भाई को ज्यादा दिन तक अंदर रख सके। मैं जल्द जेल से बाहर आऊंगा और आप से किया गया अपना वादा पूरा करूंगा।