Karnataka News: महिलाओं पर नेताओं की विवादित टिप्पणी कोई नई बात नहीं है। वे समय-समय पर कोई उनके कपड़े तो कोई उनको रहने के तौर-तरीकों की सीख देते ही रहते हैं। ऐसा करने वाले बुजुर्ग नेताओं की भी कमी नहीं है। कई बार तो जाने अनजाने भी वे ऐसा बोल जाते हैं जिसपर विवाद हो जाता है। सवाल है कि जब समाज और देश का नेतृत्व करने वाले ही ऐसे बयान देंगे तो इसका क्या असर पड़ेगा और बाकी लोग क्या करेंगे। ऐसी ही एक विवादित टिप्पणी कर्नाटक के बेलगावी जिले की कागवाड विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक राजू कागे ने की है। हालांकि बाद में इसकी आलोचना होने पर उन्होंने माफी मांग ली। विधायक की उम्र 65 साल है।
कर्नाटक के बेलगावी में दशहरा कार्यक्रम में उन्होंने यह विवादित टिप्पणी की है, जिसे लेकर अब बवाल हो गया है। इसकी हर तरफ आलोचना हो रही है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि वे अपने लीवर ट्रांसप्लांट के लिए एक महीने तक अस्पताल में थे। इस दौरान जब उनसे मिलने के बाद डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा तो उन्होंने उनसे कहा कि जब अस्पताल में खूबसूरत नर्सें उन्हें ‘दादा’ कहती हैं तो बहुत दुख होता है।
विधायक राजू कागे ने एक जनसभा में कहा कि अस्पताल में जब सुंदर नर्सें उन्हें दादाजी कहकर बुलाती थीं तो उन्हें बुरा लगता था। जब इसकी आलोचना हुई तो उन्होंने एक वीडियो बनाकर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वे बूढ़े होने का दुख शेयर कर रहे थे, अगर इससे किसी को ठेस पहुंची हो तो वे माफी मांगते हैं। मेरा मकसद किसी को दुख पहुंचाना नहीं था। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने किसी कमरे में छिपकर यह बात नहीं कही थी बल्कि सभी के सामने कहा था। इसके कई मतलब निकाले जा सकते हैं लेकिन गलत मतलब निकालने की जरूरत नहीं है।