बिहार का सूर्यांश बना 56 कंपनियों का मालिक, 13 की उम्र में कहलाया यंगेस्ट CEO

Youngest CEO Bihar Suryansh Kumar: देशभर में टैलेंट की कमी नहीं है। बिहार एक छोटे से गांव के रहने वाले सूर्यांश कुमार ने 13 साल की उम्र में 56 कंपनियों का CEO बनकर सबको चौंका दिया है। जानें सूर्यांश कुमार कैसे कहलाए यंगेस्ट CEO?

Youngest CEO Bihar Suryansh Kumar

Youngest CEO Bihar Suryansh Kumar

Youngest CEO Bihar Suryansh Kumar: जिस उम्र में बच्चे पढ़ते-लिखते हैं, उस उम्र में मात्र 13 साल के बच्चे ने बड़ा कारनामा करके दिखा दिया। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड के अम्मा गांव का रहने वाला सूर्यांश कुमार एक साल के अंदर 56 ऑनलाइन कंपनियों का मालिक बन चुका है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि उसने नौवीं क्लास में अपने पहली कंपनी खोली। जानें सूर्यांश कुमार का यंगेस्ट CEO बनने तक का सफर।

कहां से आया आइडिया?

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले दिल्ली के भारत मंडपम में स्टार्टअप महाकुंभ आयोजित किया गया था। इसमें देशभर से स्टार्टअप से जुड़े युवा आए थे, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया था। सूर्यांश का कहना है कि जब वह ऑनलाइन चीजों को सर्च कर रहा था तो उसे अपनी ऑनलाइन कंपनी खोलने का आइडिया आया। आइडिया को उसने अपने पिता संतोष कुमार को बताया। पिता ने पूरे आइडिया को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के रूप में दिखाने के लिए कहा।

पहली कंपनी कौन-सी शुरू की?

सूर्यांश ने बताया कि उसने अपनी पहली कंपनी ई-कॉमर्स की शुरू की, जिसे खोलने का उद्देश्य किसी भी सामान को 30 मिनट के अंदर लोगों के घर तक पहुंचाने का है। इसके साथ-साथ उसकी एक और कंपनी जो शादी कीजिए डॉट कॉम है, वह लोगों की जोड़ियां बनाने में मदद कर रही है।

सूर्यांश ने की केंद्र सरकार तारीफ की

सूर्यांश ने लोकल 18 को दिए गए इंटरव्यू में बताया कि वह वीआईपी पास के साथ स्टार्टअप महाकुंभ में गया था, जहां उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिला। उसने कहा कि खासतौर पर स्टार्टअप को लेकर केंद्र सरकार का आयोजन काबिल-ए-तारीफ है। महाकुंभ में 100 से ज्यादा स्टार्टअप कंपनियों के सीईओ आए हुए थे। इसके अलावा, आखिरी दिन सूर्यांश ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी भी ली। सूर्यांश ने बताया कि उसकी सफलता में माता-पिता का बड़ा योगदान है।

भारत को विकसित बनाने में स्टार्टअप निभाएंगे अहम भूमिका

सूर्यांश ने बताया कि पीएम मोदी ने स्टार्टअप महाकुंभ की तरफ से लगाए गए प्रोडक्ट्स और इनोवेशन की प्रदर्शनी को भी देखा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप मार्केट है, जिसे देश के युवा लीड कर रहे हैं। आजादी के 100वें साल में भारत को विकसित बनाने में यही स्टार्टअप अहम भूमिका निभाएंगे। इसके साथ-साथ पीएम मोदी ने युवाओं को AI तकनीक से जुड़े नए युग में जाने की सलाह भी दी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ