'जंगलराज' के आरोप पर तेजस्वी यादव का पलटवार, बोले- नहीं काम आएगी डर फैलाने की रणनीति

बिहार चुनाव नजदीक आते ही तेजस्वी यादव ने एनडीए पर तीखा हमला बोला है। पटना में वैश्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मुद्दों से भाग रही है और सिर्फ ‘जंगलराज’ का डर दिखा रही है। तेजस्वी ने पूछा कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर सरकार की क्या योजना है।

Tejashwi Yadav

राजद नेता तेजस्वी यादव

बिहार में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। अब राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए पर जोरदार हमला बोला है और ‘जंगलराज’ वाले बयान पर जवाब दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि अब उनकी डर फैलाने की रणनीति काम नहीं आने वाली है।

क्या बोले तेजस्वी यादव?

पटना में वैश्य प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मुद्दों पर कभी बात नहीं की जाती, बल्कि केवल ‘जंगलराज’ की बात की जाती है। हम पिछले 20 वर्षों से विपक्ष में हैं और वे आज भी हमारे लिए रो रहे हैं। वे अपने काम की जवाबदेही क्यों नहीं लेते? उन्होंने अब तक क्या किया है? बिहार में व्यापार बढ़ाने के लिए उनका क्या खाका है? वे छोटे उद्यमों को कैसे अधिक फायदेमंद बनाएंगे? वे इस पर कभी बात नहीं करते। बस कहते हैं कि जंगलराज आ जाएगा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं भी 18 महीने तक डिप्टी सीएम रहा हूं। क्या उस दौरान लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकलते थे? अब भाजपा की डर फैलाने की राजनीति काम नहीं आने वाली है। नीति आयोग की रिपोर्ट देखें तो बिहार गरीबी, पलायन और बेरोजगारी में देश में सबसे ऊपर है। यहां कोई उद्योग नहीं है।

‘बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध’

उन्होंने कहा कि अगर एनडीए सरकार ने एक भी चीनी मिल खोली होती तो बता देते। शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में बिहार सबसे निचले पायदान पर है। एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़े बताते हैं कि 2005 के बाद अपराध लगातार बढ़े हैं। सुरक्षित माहौल बनाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं? क्या मुख्यमंत्री किसी पीड़ित के घर जाकर उनका दुख साझा करने गए हैं?

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम बिहार को ऐसी सरकार देना चाहते हैं, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई हो। आज न तो सुनवाई हो रही है और न ही कार्रवाई। आप कहीं भी चले जाइए, हर जगह भयंकर भ्रष्टाचार है। नीतीश कुमार ‘जंगलराज’ की बात करते हैं, लेकिन ऐसे अपराधियों को पैरोल देते हैं जो अपने घर में एके-47 रखते हैं। आज बिहार में न तो न्याय है और न ही विकास। हम हमेशा राज्य की जनता के साथ खड़े हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ