'मैं डरने वाला तो किसी...', बिहार में विपक्ष पर जमकर बरसे चिराग पासवान

नालंदा के राजगीर में आयोजित बहुजन भीम संकल्प समागम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी पर हमला करते हुए उन्होंने 1975 की इमरजेंसी की याद दिलाई, जबकि तेजस्वी यादव पर ‘नौकरी के बदले जमीन’ घोटाले को लेकर तंज कसा। चिराग ने कहा कि वे बिहारियों की लड़ाई लड़ेंगे और उनकी पार्टी सत्ता के लिए नहीं, बदलाव के लिए चुनाव लड़ेगी।

Chirag Paswan

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)

नालंदा के राजगीर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा आयोजित बहुजन भीम संकल्प समागम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए चिराग पासवान ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया।

चिराग ने कहा, “राहुल गांधी जिस संविधान की रक्षा की बात करते हैं, उसी संविधान को उनके परिवार ने 1975 की इमरजेंसी में रौंद दिया था। जिन लोगों ने उस समय यातनाएं सही थीं, वे आज भी राहुल गांधी के साथ खड़े हैं, यह विडंबना है।”

तेजस्वी यादव को घेरा

तेजस्वी यादव को घेरते हुए उन्होंने कहा, “नौकरी देने की बात करने वाले वही लोग हैं जो ‘नौकरी के बदले जमीन’ जैसे घोटालों में लिप्त हैं। आज कलम बांट रहे हैं, कल उसी कलम से आपकी जमीन लिखवा लेंगे।” चिराग पासवान ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि बिहारियों की लड़ाई लड़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी बिहार से नहीं, बिहारियों के लिए चुनाव लड़ेगी।


उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ सभी 243 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। इसके साथ ही चिराग पासवान ने कहा कि मैं न टूटने वाला हूं, न झुकने वाला हूं और भाइयों, मैं डरता तो किसी से भी नहीं हूं। उन्हें कोशिश करने दीजिए, उन्हें अपनी पूरी ताकत लगाने दीजिए। मैं आपके सामने सिर ऊंचा करके खड़ा हूं। यह ठान कर कि जब तक बिहार को विकसित राज्य नहीं बना दूंगा, चैन से नहीं बैठूंगा।

चिराग पासवान ने लोगों ने आश्वासन दिया कि यह डर फैलाने की कोशिश की जा रही है कि एनडीए सरकार आरक्षण, संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर देगी। आज मैं, रामविलास पासवान का बेटा चिराग पासवान, आप सभी से वादा करता हूं, कसम खाता हूं कि जब तक मैं जिंदा हूं, न आरक्षण खतरे में है और न ही संविधान।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ