'ना झुकेगा देश, ना रुकेगा बिहार का विकास', पीएम मोदी के दौरे से पहले पटना में पोस्टर वार

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच आज पीएम मोदी बिहार दौरे पर जाएंगे। यहां पटना में पीएम मोदी के दौरे से पहले पोस्टर वार शुरू हो गया है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर और बिहार के विकास की बात की जा रही है।

PM Modi Bihar visit Poster war

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी का यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि यह पिछले 35 दिनों में उनका दूसरा आगमन होगा। इससे पहले 24 अप्रैल को उन्होंने मधुबनी में एक जनसभा को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए आतंकियों को कड़ी सजा देने की बात कही थी। अब एक बार फिर उनके दौरे से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

पटना में पोस्टर वार

पटना और आसपास के प्रमुख इलाकों में भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री की यात्रा से पहले जोरदार तैयारियां शुरू कर दी हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, जिनमें केंद्र सरकार की आतंकवाद पर कठोर नीति और राज्य के विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाया गया है। खासतौर पर दो पोस्टर सुर्खियों में हैं। एक पर लिखा है कि ‘ना देश झुकेगा, ना बिहार का विकास रुकेगा’ जबकि दूसरे में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को दर्शाते हुए कहा गया है कि ‘जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया’।

इन पोस्टरों में जिस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख किया गया है, उसके तहत भारतीय सेना ने कथित रूप से पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) और पाकिस्तान के भीतर मौजूद आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। इसमें कई पाकिस्तानी एयरबेस को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है।

पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दो दिवसीय होगा। वह गुरुवार की शाम पटना पहुंचेंगे और सबसे पहले नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल पटना एयरपोर्ट की बढ़ती यात्री क्षमता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसमें अत्याधुनिक एरोब्रिज जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

उद्घाटन के बाद पीएम मोदी पटना में रोड शो करेंगे, जो बीजेपी कार्यालय तक जाएगा। इस रोड शो के लिए 32 स्वागत मंच तैयार किए गए हैं। इसके बाद वे बीजेपी कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक करेंगे, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव से कनेक्शन

पीएम मोदी राजभवन में रात्रि विश्राम के लिए ठहरेंगे। अगले दिन शुक्रवार को रोहतास जिले के विक्रमगंज में उनका कार्यक्रम है, जहां वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वह शाहाबाद क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। एक ऐसा इलाका जहां हालिया लोकसभा चुनाव में एनडीए को मनचाहा जनसमर्थन नहीं मिला था।

बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को फिर से बिहार आएंगे, जो चुनावी तैयारियों को लेकर एक और अहम दौरा होगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ