पीएम मोदी और नीतीश कुमार एक मंच पर आएंगे नजर, बिहार की राजनीति में उलटफेर के संकेत

Bihar Politics : इंडिया गठबंधन में बड़ी सेंध लग सकती है। विपक्षी दलों को एकजुट करने वाले नीतीश कुमार को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

PM Narendra Modi and CM Nitish Kumar

Bihar Politics : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और जेडीयू के बीच नजदीकी बढ़ रही है, जोकि इंडिया गठबंधन के लिए बहुत बड़ा झटका साबित हो सकता है। इस बीच खबर आ रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम नीतीश कुमार मंच साझा करने वाले हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कब गेम चेंज कर दे, इसके बारे में किसी को पता नहीं रहता है। बिहार के बेतिया में 4 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली करने वाले हैं। इस रैली में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार एक साथ मंच साझा करेंगे। इसे लेकर बिहार में अटकलों का बाजार गरम है।

इंडिया गठबंधन से नाराज चल रहे नीतीश कुमार

चर्चा है कि इंडिया गठबंधन की ओर से पीएम फेस घोषित न होने की वजह से नीतीश कुमार नाराज चल रहे हैं। पिछली मीटिंग में इंडिया गठबंधन ने संयोजक बनने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन नीतीश कुमार ने इनकार कर दिया। साथ ही बिहार में लालू यादव और नीतीश के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सरकार से लेकर सीट शेयरिंग के मुद्दे पर आरजेडी और जेडीयू में बात बनती नजर नहीं आ रही है। इस बीच नीतीश कुमार और बीजेपी के बीच नजदीकी बढ़ने की खबर सामने आ रही है।

एक बार फिर पाला बदल सकते हैं बिहार के सीएम

पिछले दिनों भाजपा के कुछ नेताओं ने कहा था कि नीतीश कुमार के लिए भाजपा के दरवाजे बंद हैं। लेकिन, राजनीति में पार्टियों का आना-जाना लगा रहता है। नीतीश कुमार ने हाल ही दिल्ली में अरुण जेटली की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा पर सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार एक बार फिर पाला बदल सकते हैं।

दिल्ली में जुटे बिहार के नेता

दिल्ली में बिहार के नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। बिहार की पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी, जेडीयू नेता केसी त्यागी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और गिरिराज सिंह, पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी दिल्ली में मौजूद हैं। बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी आज बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्र गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर रात को ही पटना लौट सकते हैं। केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने भी अमित शाह से मुलाकात की। दोनों के बीच 20 मिनट तक बिहार को लेकर बातचीत हुई।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ