Tejashwi Yadav vs PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी के पूर्णिया दौरे पर बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज पूर्णिया में जुमलों की बारिश करने से पहले कृपया अपने सभा स्थल से 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में अव्यवस्थित जर्जर सड़क, शिक्षक विहीन स्कूल, बदहाल स्वास्थ्य केंद्रों और महिलाओं के साथ-साथ युवाओं की जनसमस्याओं को भी जान लीजिएगा. पूर्णिया के मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्थिति आपने देखी ही होगी.
रैली से बिहार पर पड़ता है वित्तीय बोझ
तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की एक रैली से बिहार जैसे गरीब राज्य पर 100 करोड़ का भारी-भरकम वित्तीय बोझ पड़ता है. वे बिहार में कई रैलियां कर चुके हैं, लेकिन जितना पैसा इन रैलियों में लगा, उससे बिहार के स्कूलों की चारदीवारी, खेल के मैदान तथा लड़कियों के लिए स्कूल में अलग से शौचालय का निर्माण हो सकता था. स्वास्थ्य केंद्रों में मानव संसाधन और दवाओं का प्रबंध हो सकता था. पूर्णिया के मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्थिति में भी बदलाव किया जा सकता था.
PM मोदी को याद दिलाया पुराना वादा
तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आने से शिक्षकों को टीचर से कंडक्टर बना दिया जाता है. सरकारी कर्मचारियों, जीविका दीदियों, आशा-ममता, शिक्षा मित्र, विकास मित्र और आंगनवाड़ी सेविका/सहायिकाओं को भीड़ लाने का मुश्किल टारगेट देकर तनाव दिया जाता है. क्या प्रधानमंत्री मोदी को याद है कि उन्होंने साढ़े 11 साल पहले पूर्णिया जिला में ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था? क्या हुआ उस जुबान का? क्या आाज फिर झूठ और जुमले बेचने आ रहे हैं?
जंगलराज कह BJP-NDA पर कसा तंज
तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 11 साल की अपनी केंद्र सरकार और 20 सालों की NDA सरकार की विफलताएं देख जोर-जोर से जंगलराज-जंगलराज कहिए, ताकि आपकी असफलताएं और जनहित के मुद्दे इस काल्पनिक शोर में दब जाएं, लेकिन बिहार और बिहारवासी प्रधानमंत्री मोदी के बनावटीपन से अब अच्छे से अवगत हो चुके है, इसलिए बिहार में अब फिर झूठ नहीं चलेगा. इस बार के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता प्रधानमंत्री मोदी, BJP-NDA को आइना दिखाएगी.