Bihar News: पूर्व मंत्री के सरकारी घर से पंखा, कूलर और टोंटी साफ... VIP इलाकों में भी चोर बेखौफ
Author: News24 हिंदी
Jun 24, 2025 01:35 PM IST
Bihar News: बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि VIP जोन में सुरक्षित रहना मुश्किल हो गया है। दरअसल, पटना में एक बार फिर से VIP जोन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार अपराधियों ने पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक मुरारी प्रसाद गौतम के सरकारी आवास को निशाना बना लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास से चंद कदमों की दूरी पर स्थित विधायक मुरारी प्रसाद गौतम के घर में चोरों ने पंखा, कूलर, टोंटी सहित कई कीमती सामान चुरा लिए हैं। इस बात की जानकारी खुद पूर्व मंत्री ने दी है।
चोरों ने निशाने पर मंत्रियों के घर
पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम ने बताया कि चोरी की घटना का केस सचिवालय थाना में दर्ज करा दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जांच में जुटी है। यह घटना बिहार में बढ़ते अपराध और पुलिस-प्रशासन की सुस्त कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी कई विधायकों और मंत्रियों के आवासों को चोरों ने निशाना बनाया है।
पंखा, कूलर और टोंटी चुरा ले गए चोर
मुरारी प्रसाद गौतम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चोर कुछ सामान लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, उम्मीद है जल्द ही आरोपियों तक पहुंचेगी। घटना मुख्यमंत्री आवास के नजदीक, वीआईपी इलाके में हुई है। चोरों ने पूर्व मंत्री के सरकारी आवास में सेंधमारी की और पंखा-कूलर से लेकर बेसिक फिटिंग (टोंटी) तक ले उड़े।
यह भी पढ़ें: Bihar के उपमुख्यमंत्री का लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला, कहा-‘राजद कल्चर’ ने राज्य को किया बर्बाद
सचिवालय थाना में मामला दर्ज
मुरारी प्रसाद गौतम बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में वे बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। उनके आवास पर इस तरह की घटना यह दर्शाती है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब सिर्फ आम जनता ही नहीं, माननीयों तक को भी नहीं बख्श रहे। राजधानी पटना में इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार और प्रशासन को और सख्त कदम उठाने की जरूरत है। जब VIP इलाकों में भी चोर बेखौफ हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।