Asaduddin Owaisi Statement On Bihar Political Crisis

'कैसा महसूस हो रहा तेजस्वी यादव?' ओवैसी ने नीतीश कुमार पर भी कसा तंज

Asaduddin Owaisi Statement On Bihar Political Crisis : बिहार की राजनीति में मची हलचल को लेकर असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव ने जनता को धोखा दिया है।

Asaduddin Owaisi Statement On Bihar Political Crisis : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला। इस बार लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी बिहार की सत्ता से बाहर हो गई। एनडीए के सपोर्ट से नीतीश कुमार फिर मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रहे हैं। AIMIM के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। उन्होंने पूछा- अब कैसा महसूस हो रहा तेजस्वी यादव।

जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बिहार के सीएम पद से इस्तीफे पर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए। इन तीनों ने बिहार की जनता को धोखा दिया है। इसमें सबसे बड़ा रोल नीतीश कुमार का है। जो नीतीश कुमार पहले मुझे गाली देते थे कि ओवैसी बीजेपी की बी टीम है, लेकिन उन्हें अब शर्म नहीं आती है कि आज वे ही वहां जाकर बैठ गए।

नीतीश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए : ओवैसी

ओवैसी ने कहा कि नीतीश कुमार को राजनीतिक अवसरवादी कहना कम होगा। उन्होंने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मैंने हमेशा कहा था कि नीतीश कुमार एनडीए के साथ जाएंगे, लेकिन लोग हमारी बात का यकीन नहीं कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी ने भी धोखा दिया है। आपने दो-दो बार नीतीश कुमार को सीएम बनाया। आपकी वजह से एक बार फिर बीजेपी को सत्ता मिल गई। नीतीश कुमार सिर्फ नाम के सीएम रहेंगे और आरएसएस-बीजेपी सरकार चलाएगी।

आपको आज सीने में कुछ दर्द हो रहा होगा : AIMIM चीफ

AIMIM चीफ ओवैसी ने आगे कहा कि मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि आज आपको कैसा लग रहा है। आपने मेरे चार विधायकों को तोड़ा था, आज आपको सीने में कुछ दर्द हो रहा होगा। अब समझ आ रहा है कि आपने जो खेला हमारे साथ खेला था, आज वही खेला आपके साथ हो गया। तेजस्वी यादव और उनके परिवार को ऐसा लगता है कि बिहार की जनता एक तरफ और उनके परिवार का कोई सीएम बन जाए।

बिहार में नहीं हुआ कोई विकास : ओवैसी

उन्होंने आगे कहा कि जब नीतीश कुमार ने महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, तब प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि इन लोगों से मैं आपकी रक्षा करूंगा, लेकिन आज क्या हुआ। बिहार में कोई विकास नहीं हुआ है। राज्य में नौकरशाही बढ़ रही है। AIMIM ने हमेशा कहा है कि भारतीय मुसलमानों को धोखा देने के लिए राजनीतिक धर्मनिरपेक्षता का इस्तेमाल किया जाता है और अब बिहार के मुसलमानों को फिर से धोखा दिया गया।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ