Bihar: चंदन मिश्रा के बाद पटना में एक और हत्या, जमीनी विवाद में युवक को गोली मारी
Author: News24 हिंदी
Jul 22, 2025 12:08 AM IST
बिहार की राजधानी पटना में चंदन मिश्रा हत्याकांड के बाद पालीगंज में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को नजदीक के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान आदित्य उर्फ छोटे के रूप में हुई है।
घर के पास ही बदमाशों ने मार दी गोली
जानकारी के मुताबिक, पटना के पालीगंज अनुमंडल स्थित दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सदावह गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय अपने घर के पास ही खड़ा था। वारदात के बाद बदमाश तेजी से बाइक दौड़ाते हुए भाग निकले। घटना के बाद लोग घायल के अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि युवक की अस्पताल पहंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। मृतक के पिता विजय सिंह ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: राबड़ी देवी का राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर नीतीश सरकार पर हमला, बोलीं- इस्तीफा दें या सौंपें सरकार
जमीनी विवाद में मार दी गोली
मृतक के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका जमीन को लेकर गांव के ही नीतीश कुमार से काफी समय से झगड़ा चल रहा था। इस घटना से कुछ दिन पहले भी उनका नीतीश से विवाद हुआ था। पिता का आरोप है कि नीतीश कुमार ने ही बदमाशों से उसके बेटे की हत्या करवाई है। इस मामले में पुलिस ने नीतीश समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें: बिहार विधानसभा में जोरदार हंगामा, विपक्ष का प्रदर्शन, हाथों में पोस्टर-बैनर लिए नजर आए विधायक
पुलिस का दावा- जल्द होगा खुलासा
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।