Madhubani: बीजेपी के फायर ब्रांड विधायक हरिभूषण ठाकुर बेचौल को अपने ही विधानसभा क्षेत्र में जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। मधुबनी जिले के बिस्फी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रहिका में आयोजित एक चौपाल कार्यक्रम के दौरान विधायक को जनता के तीखे सवालों और नारों से दो-चार होना पड़ा। हालात ऐसे बने कि सुरक्षा कर्मियों की मदद से उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकालना पड़ा और कार्यक्रम बीच में ही छोड़ना पड़ा।
जनता का फूटा गुस्सा
चौपाल में मौजूद लोगों ने साफ कहा कि विधायक ने अपने पूरे कार्यकाल में विकास की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, सिंचाई योजनाओं में लापरवाही है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। जनता का आरोप था कि विकास की जगह विधायक ने लगातार सांप्रदायिक और धार्मिक मुद्दों को हवा दी।
हाल ही में हरिभूषण ठाकुर बेचौल का एक बयान चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने मिथिला राज्य की मांग को ‘मुस्लिम राज्य बनाने की साजिश’ करार दिया। इस बयान ने स्थानीय समाज में असंतोष को और बढ़ा दिया। लोगों का कहना है कि मिथिला राज्य आंदोलन लंबे समय से सांस्कृतिक और प्रशासनिक आकांक्षाओं से जुड़ा रहा है, उसे सांप्रदायिक चश्मे से देखना गलत है।
भीड़ में गूंजे ‘मुर्दाबाद’ के नारे
जब लोगों ने विधायक से सीधे सवाल पूछे तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। भीड़ में ‘मुर्दाबाद’ के नारे गूंजने लगे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि यदि सुरक्षाकर्मी न होते तो घटना हिंसक रूप ले सकती थी। हालात को देखते हुए विधायक को कार्यक्रम छोड़ना पड़ा।