Bihar News: बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर के खिलाफ साइबर अपराध का गंभीर आरोप लगाते हुए पटना साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जायसवाल ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर बीजेपी के नाम से फर्जी पेज बनाकर प्रशांत किशोर के वीडियो प्रचारित किए जा रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष के अनुसार, बिहार बीजेपी के नाम से करीब 18 फर्जी फेसबुक पेज बनाए गए हैं। इन पेजों पर प्रशांत किशोर के भाषण और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं ताकि जनता को गुमराह किया जा सके।
यह न केवल पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश है, बल्कि साइबर अपराध की भी गंभीर श्रेणी में आता है। दिलीप जायसवाल ने बताया कि उन्होंने साइबर थाना के साथ-साथ साइबर सेल के एसपी को भी पूरे मामले की लिखित जानकारी दी है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि इस तरह की फर्जीवाड़ा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।
भीड़ के दावे पर भी कसा तंज
दिलीप जायसवाल ने प्रशांत किशोर की हालिया जनसभा पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में पीके ने 10 लाख लोगों की भीड़ का दावा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि वहां 10 हजार लोग भी नहीं पहुंचे। सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए फर्जी हथकंडे अपनाना और झूठे आंकड़ों से जनता को भ्रमित करना जनसुराज की असलियत को उजागर करता है।
साइबर क्राइम पर बीजेपी का सख्त रुख
बीजेपी अध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी इस तरह के फर्जी प्रचार के खिलाफ पूरी तरह सतर्क है और जो भी संगठन या व्यक्ति सोशल मीडिया का दुरुपयोग करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई कराई जाएगी। बिहार की सियासत में जहां एक ओर आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं, वहीं सोशल मीडिया पर फर्जी प्रचार और छवि खराब करने की कोशिशों को लेकर भी टकराव बढ़ता जा रहा है। दिलीप जायसवाल की शिकायत ने प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी जनसुराज को एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।