Bollywood Actor Murder Convict: आपने कभी सोचा भी नहीं होगा है कि जिस एक्टर को आप बड़े पर्दे पर आमिर खान या रणवीर सिंह के साथ एक्टिंग करते देख रहे हैं, वो असल जिंदगी में एक खूंखार कातिल हो सकता है? जी हां, फिल्मी दुनिया की चकाचौंध के पीछे छिपा एक ऐसा ही खौफनाक चेहरा बेनकाब हुआ है. गुजरात की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 12 सालों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर खुलेआम घूम रहा था. ये कोई आम भगोड़ा नहीं, बल्कि हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका मुजरिम है, जो मुंबई जाकर 'स्पंदन मोदी' नाम से बॉलीवुड फिल्मों का बड़ा सपोर्टिंग एक्टर बन बैठा!
---विज्ञापन---
2014 से पैरोल जंप कर चल रहा था फरार
पकड़े गए इस शातिर आरोपी का नाम है हेमंत नागिनदास मोदी. साल 2005 में अहमदाबाद के नरोडा इलाके में एक मामूली विवाद में नरेंद्र कांबले नाम के शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. साल 2008 में कोर्ट ने हेमंत मोदी और उसके साथियों को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई. हेमंत को मेहसाणा जेल में रखा गया था. लेकिन कहानी में ट्विस्ट आया साल 2014 में. हेमंत को गुजरात हाई कोर्ट से 30 दिनों की पैरोल मिली. लेकिन जैसे ही वो जेल से बाहर आया, वापस नहीं लौटा. वो पैरोल जंप करके फरार हो गया और पुलिस रिकॉर्ड में वो बन गया 'वॉन्टेड'.
---विज्ञापन---
बदली पहचान, बड़े स्टार्स के साथ किया काम
आमतौर पर जब कोई मुजरिम फरार होता है, तो वो छिपकर रहता है. लेकिन हेमंत मोदी ने अपनी पहचान बदलकर खुद को कैमरे के सामने ला खड़ा किया. उसने अपना नाम बदलकर 'स्पंदन मोदी' और 'ट्विंकल दवे' रख लिया. वो पहले गुजरात के थिएटर सर्किट में घुसा और फिर पहुंच गया मायानगरी मुंबई. पिछले 12 सालों में इस शातिर मुजरिम ने कई बड़ी बॉलीवुड फिल्मों और टीवी सीरियल्स में काम किया. पिछले 12 सालों में उसने रणवीर सिंह की 'जयेशभाई जोरदार' और अमिताभ बच्चन-आमिर खान की 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया. इसके अलावा वह सनी देओल की आने वाली फिल्म 'लाहौर 1947', 'मेट्रो इन दिनो', साउथ की 'L2: एम्पुरान' और 'वागले की दुनिया' व 'मेरे साईं' जैसे टीवी शो में भी नजर आ चुका था.
---विज्ञापन---
बिना मोबाइल और सोशल मीडिया के रहा दूर
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, हेमंत इतना शातिर था कि पुलिस से बचने के लिए उसने कभी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया और न ही सोशल मीडिया पर अपनी असली पहचान आने दी. वो लगातार मुंबई में पेइंग गेस्ट (PG) बदलता रहा और अपना हुलिया भी बदल लिया था, लेकिन कहते हैं ना कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं. पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि हेमंत मोदी नाम का यह भगोड़ा चुपके से अहमदाबाद आया हुआ है. वो यह सोच रहा था कि 12 साल लंबा वक्त होता है और अब उसे कोई नहीं पहचानेगा. बस, इसी गलतफहमी में वो पुलिस के बिछाए जाल में फंस गया और अहमदाबाद के घीकांटा मेट्रो स्टेशन के पास से दबोच लिया गया.
---विज्ञापन---
फिल्मी दुनिया में इसे भले ही 'लाइट्स, कैमरा और एक्शन' पसंद था, लेकिन अब इसके हिस्से में सिर्फ जेल की सलाखें हैं. अहमदाबाद पुलिस ने हेमंत मोदी को गिरफ्तार कर वापस मेहसाणा जेल भेज दिया है, जहां वो अपनी बची हुई उम्रकैद की सजा काटेगा. इस गिरफ्तारी ने न सिर्फ पुलिस महकमे बल्कि फिल्म इंडस्ट्री को भी हैरान कर दिया है कि कैसे एक हत्यारा इतने बड़े स्टार्स के बीच रहकर सालों तक काम करता रहा.
---विज्ञापन---