IND vs AUS 2nd T20: दिनेश कार्तिक बने फिनिशर, रोहित शर्मा की​ रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को दिलाई जीत

ind vs aus 2nd t20

ind vs aus 2nd t20

नागपुर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंबे इंतजार के बाद नागपुर में दूसरा टी 20 मुकाबला खेला गया। बारिश की वजह से महज आठ ओवर के मैच में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और भारत को 91 रन का टार्गेट दिया। ओपनिंग करने उतरे कप्तान रोहित शर्मा ने गदर मचा दिया। रोहित ने 20 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के ठोक नाबाद 46 रन बनाए। इसी के साथ वे टी 20 इंटरनेशनल में मार्टिन गुप्टिल के 172 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ​खिलाड़ी बन गए। रोहित के नाम अब 176 छक्कों का रिकॉर्ड है। वहीं दिनेश कार्तिक ने फिनिशर की भूमिका निभाई।

दिनेश कार्तिक बने फिनिशर 

उन्होंने दो गेंदों में एक चौका और एक छक्का ठोक 4 गेंद शेष रहते टीम इंडिया को 6 विकेट से शानदार जीत दिला दी। अंतिम ओवर में टीम इंडिया को 9 रन की जरूरत थी। हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद क्रीज पर आए कार्तिक ने आठवें ओवर की पहली गेंद पर छक्का ठोक डाला। इसके बाद उन्होंने दूसरी गेंद पर चौका ठोक टीम इंडिया की झोली में जीत डाल दी। केएल राहुल 10, विराट कोहली 11, सूर्यकुमार यादव 0 और हार्दिक पांड्या 9 रन बनाकर आउट हुए।

कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टीम इंडिया में जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई, जबकि उमेश यादव को बाहर कर दिया गया। वहीं भुवनेश्वर कुमार को भी बाहर किया गया। उनकी जगह ऋषभ पंत की वापसी हुई।

अक्षर-बुमराह की शानदार गेंदबाजी 

पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका कैमरून ग्रीन के तौर पर लगा। वह 4 गेंदों में 5 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद अक्षर पटेल ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को बोल्ड कर गिल्लियां बिखेर डालीं। मैक्सवेल डक पर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के दो विकेट दो ओवर में 19 रन पर गिर गए। इसके बाद अक्षर पटेल चौथे ओवर में लौटे और पहली ही गेंद पर उन्होंने टिम डेविड को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दे दिया।

इसके बाद स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 14 गेंदों में 31 रन बनाकर खेल रहे कप्तान एरोन फिंच को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखा दी। हालांकि इसके बाद मैथ्यू वेड ने तूफानी पारी खेली और 20 गेंदों में 43 रन ठोक 8 ओवर में स्कोर 90 रन पर पहुंचा दिया। हर्षल पटेल काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने दो ओवर में 32 रन लुटाए।

बारिश की वजह से मैच 8 ओवर का रहा। पावरप्ले में दो ओवर डाले गए। जबकि हर गेंदबाज को भी दो ही ओवर डालने की अनुमति मिली।

।

इस मुकाबले के लिए फैंस को लंबा इंतजार करना पड़ा। टॉस 6.30 बजे होना था, लेकिन मैदान गीला होने की वजह से टॉस में देरी हुई है। दो बार टॉस टलने के बाद आखिरकार 9.15 पर टॉस हुआ। अंपायर्स ने बताया था कि मैदान पर नमी थी। तीन मैचों की टी 20 सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर आ गई हैं। निर्णायक मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

भारत की प्लेइंग इलेवन: 1 रोहित शर्मा (कप्तान), 2 केएल राहुल, 3 विराट कोहली, 4 सूर्यकुमार यादव, 5 ऋषभ पंत, 6 हार्दिक पांड्या, 7 दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), 8 अक्षर पटेल, 9 हर्षल पटेल, 10 जसप्रीत बुमराह, 11 युजवेंद्र चहल

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: 1 एरोन फिंच (कप्तान), 2 कैमरून ग्रीन, 3 स्टीवन स्मिथ, 4 ग्लेन मैक्सवेल, 5 टिम डेविड, 6 मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), 7 पैट कमिंस, 8 डैनियल सैम्स, 9 सीन एबॉट, 10 एडम ज़म्पा, 11 जोश हेजलवुड

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pushpendra Sharma

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ