Rohit Sharma World Record: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा वर्ल्ड कप 2023 में बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने हर मैच की तरह एक बार फिर नीदरलैंड के खिलाफ ताबड़तोड़ शुरुआत की। उन्होंने इस पारी में अपना पहला छक्का लगाते ही एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसी वर्ल्ड कप में उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल छक्कों का रिकॉर्ड बनाया था। अब उन्होंने एक और छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया है।
रोहित शर्मा अब एक साल में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पिछले मैच में क्रिस गेल को पीछे छोड़कर एबी डिविलियर्स की बराबरी की थी। अब इस मैच में अपना पहला छक्का लगाकर वह एबीडी से भी आगे निकल गए। रोहित ने मिस्टर 360 डिग्री के 8 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा और नया कीर्तिमान स्थापित किया। साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में फिफ्टी का खास शतक भी पूरा कर लिया।
100वां इंटरनेशनल पचासा
रोहित शर्मा ने इस पारी में अपना अर्धशतक 44 गेंदों पर पूरा किया। उनके वर्ल्ड कप 2023 में 500 रन भी पूरे हुए और उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 100वां पचासा पूरा किया। रोहित के नाम टेस्ट में 16, वनडे में 55 और टी20 इंटरनेशनल में 29 अर्धशतक दर्ज हैं। साथ ही वनडे वर्ल्ड कप में उनके नाम यह 13वां फिफ्टी प्लस का स्कोर था। इस मामले में भी उन्होंने शाकिब अल हसन की बराबरी की। वह अब विराट कोहली (14) और सचिन तेंदुलकर (21) से इस मामले में बस पीछे हैं।