नई दिल्ली: टी 20 वर्ल्ड कप में रविवार को टीम इंडिया की पहली हार हुई। साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम को दो गेंद शेष रहते 5 विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में टीम इंडिया पहले दो मैचों की तरह लय में नहीं दिखी। बैटिंग से लेकर फील्डिंग तक खिलाड़ियों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। टीम इंडिया की परफॉर्मेंस में कहां कमी रह गई, आइए जानते हैं हार के 5 बड़े कारण…

1. टॉस के बाद बल्लेबाजी का फैसला

मैच में टॉस ने बड़ी भूमिका निभाई। टॉस जीतने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने चौंकाने वाला फैसला लिया। उन्होंने कहा, हम बल्लेबाजी करेंगे। कप्तान को उम्मीद थी कि पिच बढ़िया होने से बल्लेबाजी करने में मदद मिलेगी। कप्तान ने यह भी तर्क दिया कि हमने WACA ग्राउंड में कैंप किया था, जिससे हमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए उछाल की आदत डालने में मदद मिली। हालांकि कप्तान का ये फैसला गलत साबित हुआ और टीम इंडिया के 5 बल्लेबाज महज 49 रन के अंदर आउट हो गए। पिच से उल्टा गेंदबाजों को मदद मिलने लगी। केएल राहुल वेन पार्नेल के पहले ओवर में एक भी रन नहीं ले पाए।

2. खराब बल्लेबाजी

टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शर्मनाक प्रदर्शन किया। रोहित शर्मा खुद खराब शॉट लगाकर आउट हुए तो वहीं केएल राहुल, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक का भी शॉट सलेक्शन खराब रहा। दिनेश कार्तिक ने 15 गेंदों में महज 6 रन बनाए। जबकि केएल राहुल 14 गेंदों में 9 रन ही बना सके।

3. फील्डिंग में भी किया निराश

टीम इंडिया ने इस मैच में अपनी फील्डिंग से भी निराश किया। रोहित शर्मा ने रन आउट का चांस मिस किया तो वहीं विराट कोहली ने एडेन मार्करम का कैच छोड़ दिया। उस वक्त मार्करम 35 रन बनाकर खेल रहे थे और टीम इंडिया को बड़े विकेट की तलाश थी। यही मैच का टर्निंग पॉइंट भी साबित हुआ क्योंकि मार्करम ने इसके बाद फिफ्टी जड़ी और साउथ अफ्रीका के लिए मिलर के साथ अच्छी साझेदारी की।

https://twitter.com/adidoescricket/status/1586717090232569856

4. अच्छी शुरुआत मिलने के बाद नहीं तोड़ सके साझेदारी

अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ही ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए तूफानी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को 1 और रिली रोसो को डक पर आउट कर दिया। उस वक्त 1.3 ओवर में 2 विकेट गिर चुके थे, जबकि तीसरा विकेट 5.4 ओवर में गिरा। लेकिन इसके बाद टीम इंडिया का कोई भी अन्य बॉलर मिलर और मार्करम की साझेदारी नहीं तोड़ सका। कई गेंदबाजों ने ऐसी बाउंसर फेंकी कीं, इन्हें रोकना दिनेश कार्तिक के लिए मुश्किल हो गया।

5. भुवी ने किया निराश

टीम इंडिया के अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी गेंदबाजी से एक बार फिर निराश किया। भुवी इस मैच में एक भी विकेट नहीं ले सके। उन्होंने 3.4 ओवर में 21 रन दिए। कप्तान रोहित शर्मा ने आखिरी ओवर उन्हें थमाया, तब साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 6 गेंदों में 6 रन की दरकार थी। भुवी मिलर का तूफान नहीं रोक सके और उन्होंने तीसरी और चौथी गेंद पर चौका ठोक डाला। इसी के साथ टीम इंडिया की हार हो गई। बहरहाल, इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ गई है। टीम इंडिया का अगला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ 2 नवंबर और 6 नवंबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा। देखना होगा कि भारतीय टीम इन मैचों में किस तरह प्रदर्शन करती है।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pushpendra Sharma

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ