Rishabh Pant Accident: हादसे के बाद क्या-क्या हुआ? एक्सीडेंट की पूरी कहानी... हरियाणा रोडवेज कर्मचारी की जुबानी

Rishabh Pant Accident

Rishabh Pant Accident: भारतीय टीम के क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार जिस वक्त हादसे की शिकार हुई, घटनास्थल पर कुछ लोग मौजूद थे। हादसे को लेकर कई कहानियां भी सामने आ रही हैं। इनमें एक ये कहानी भी है कि हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने मिलकर ऋषभ पंत की जान बचाई। रोडवेज के दो कर्मचारियों ने मिलकर पंत को कार से निकाला। रोडवेज कर्मचारियों ने कुछ स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पुलिस और एबुलेंस को हादसे जानकारी दी जिसके बाद ऋषभ पंत को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद ऋषभ पंत को स्थानीय अस्पताल से देहरादून के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट किया गया और फिर उनकी स्वास्थ्य के लिए दुआओं का दौर भी चलने लगा। इस बीच हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को जानकारी मिली कि उनके दो कर्मचारियों ने मानवता का परिचय देते हुए इंडियन क्रिकेट के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की जान बचाई। इसके बाद रोडवेज ने अपने दोनों कर्मचारियों बस के ड्राइवर सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत को सम्मानित किया।

रोडवेज के महाप्रबंधक ने क्या कहा…?

हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक के जांगड़ा ने कहा कि बस ड्राइवर सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत ने गुरुकुल नरसन के पास डिवाइडर पर एक अनियंत्रित कार को हादसे का शिकार होते हुए देखा। उन्होंने तुरंत बस रोकी और हादसे की शिकार कार की ओर भागे। इसके बाद कार सवार की जान बचाई। उन्हें बाद में पता चला कि हादसे का शिकार कार सवार ऋषभ पंत हैं। उन्होंने कहा कि रोडवेज ने सुशील और परमजीत को सम्मानित किया है, राज्य सरकार भी उन्हें मानवता दिखाने के लिए सम्मानित करेगी।

ऋषभ पंत को बचाने वाले बस स्टाफ ने बताई पूरी कहानी

ऋषभ पंत को बचाने वाले बस स्टाफ सुशील और परमजीत ने कहा कि जैसे ही हमने कार को हादसे का शिकार होते देखा। बस को सड़क के किनारे रोका और भागकर कार तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और कार ड्राइव कर रहा शख्स उसमें फंसा था।

सुशील और परमजीत ने बताया कि हमने कार में फंसे शख्स को खींचकर कार से निकाला। उन्होंने बताया कि हादसे के शिकार कार सवार को निकालते ही 5 से 7 सेकंड बाद कार में आग लग गई। दोनों कर्मचारियों ने बताया कि कार सवार शख्स को बाहर निकालने के बाद हमने घायल शख्स से व्यक्तिगत जानकारी के बारे में पूछताछ की, तब उन्होंने बताया कि वो भारतीय टीम के क्रिकेटर ऋषभ पंत हैं।

वीवीएस लक्ष्मण ने सुशील को बताया रियल हीरो

पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने ट्विटर पर हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, “ऋषभ पंत को जलती हुई कार से दूर ले जाने वाले हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार का आभार। सुशील और उनके साथी परमजीत ने ऋषभ पंत का ख्याल रखा और उन्हें बेडशीट में लपेट कर एंबुलेंस बुलाई। आपकी निस्वार्थ सेवा के लिए हम आपके बहुत ऋणी हैं, सुशील जी आप रियल हीरो हैं।”

BCCI ने जारी किया बयान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक बयान के अनुसार, ऋषभ पंत के माथे पर चोट लगी है। उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई और पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है। साथ ही उनके पीठ पर खरोंचें आईं हैं।

ऋषभ पंत से मिले अनिल कपूर और अनुपम खेर

बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर और अनुपम खेर क्रिकेटर ऋषभ पंत से मिलने देहरादून के मैक्स अस्पताल पहुंचे। दोनों ने यहां ऋषभ पंत और उनके परिवार से मुलाकात कर हाल-चाल जाना। साथ ही मेडिकल टीम से भी ऋषभ पंत के लेटेस्ट हेल्थ अपडेट के बारे में जानकारी ली।

अनिल कपूर और अनुपम खेर ने कहा कि हम ऋषभ पंत और उनकी मां से मिले हैं। ऋषभ की हालत स्थिर है। लोगों से उनके लिए प्रार्थन करने की अपील करते हैं ताकि ऋषभ जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

शुक्रवार को ऋषभ का हुआ था एक्सीडेंट

बता दें कि ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह सड़क हादसे के शिकार हो गए थे। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उनकी मर्सिडीज हादसे के बाद पूरी तरह जल गई थी। फिलहाल, देहरादून के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज जारी है। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) भी लगातार ऋषभ के स्वास्थ्य पर नजर रख रहा है।

डीडीसीए के निदेशक श्याम शर्मा ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि एक टीम ऋषभ पंत के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए मैक्स अस्पताल देहरादून जा रही है, यदि आवश्यक हुआ तो हम उन्हें दिल्ली में शिफ्ट कर देंगे और संभावना अधिक है कि हम उन्हें प्लास्टिक सर्जरी के लिए दिल्ली ले जाएंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ