WPL 2024 RCB vs MI: मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन के 9वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 7 विकेट से हरा दिया है। इस मैच में भी मुंबई की टीम अपनी नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर से बिना उतरी। मगर नेट सीवर ब्रंट की कप्तानी में टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया और सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई की टीम अब तीन टीमों को पछाड़कर टॉप पोजीशन पर आ गई है। इस मैच से पहले पॉइंट्स टेबल में मुंबई चौथे स्थान पर थी। मगर अब मुंबई की टीम टॉप पर काबिज हो गई है।
मुंबई टॉप पर और आरसीबी चौथे स्थान पर खिसकी
मुंबई इंडियंस के अब तक के परफॉर्मेंस की बात करें तो टीम ने पहले दो मैच में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स को मात दी थी। उसके बाद पिछले मैच में हरमनप्रीत कौर के बिना उतरी मुंबई की टीम यूपी वॉरियर्स से हार गई। अब टीम ने वापसी की और आरसीबी को हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। मुंबई के सबसे ज्यादा तीन जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में छह अंक हो गए हैं। उधर इस हार के बाद आरसीबी चौथे स्थान पर खिसक गई और उसका नेट रनरेट भी माइनस में चला गया। पहले दो मैच जीतने के बाद स्मृति मंधाना की टीम ने दिल्ली और मुंबई के खिलाफ मुकाबले गंवा दिए।
क्या रहा इस मैच का हाल?
इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए आरसीबी ने खास प्रदर्शन नहीं किया। बैंगलोर की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 131 रन बनाए। एलिस पेरी नाबाद रहीं और उन्होंने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली। मुंबई के लिए पूजा वस्त्राकर और नेट सीवर ब्रंट ने 2-2 विकेट लिए और शानदार गेंदबाजी की। वहीं इसी वोंग और साइका इशाक को 1-1 सफलता मिली।
जवाब में 132 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने शानदार शुरुआत की। यास्तिका भाटिया (31) और हेली मैथ्यूज (26) ने 45 रन की साझेदारी की। कप्तान नेट सीवर ब्रंट ने भी 27 रन की पारी खेली। इसके बाद एमेलिया कर ने 24 गेंद पर नाबाद 40 रन बनाए और टीम को 15.1 ओवर में ही 29 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। इस जीत के बाद उनका नेट रनरेट भी अच्छा हो गया और अब 6 अंक व 0.402 के नेट रनरेट के साथ टीम टॉप पर है।