हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

विराट कोहली ने रचा इतिहास, ऑकलैंड वनडे में अर्धशतक ठोक बनाए 7 बड़े रिकॉर्ड, सचिन-सहवाग भी छूटे पीछे

Virat Kohli: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 51 गेंदों पर 74 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस पारी के साथ कोहली ने इतिहास रचते हुए 7 बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए.

विज्ञापन
विराट कोहली ने पहले वनडे में अर्धशतक के साथ बनाए 7 बड़े रिकॉर्ड (PIC Credit - @BCCI/X)

IND vs NZ, Virat Kohli Records: भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है. कोहली ने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में बल्ले से धमाल मचाते हुए 74 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस दौरान उन्होंने 13 चौके और एक छक्का जड़ा. यह उनके वनडे करियर का 80वां अर्धशतक रहा. भले ही वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन इस पारी के साथ कोहली ने 7 बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं. इस मामले में उन्होंने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग को भी पीछे छोड़ दिया है.

1. नंबर-3 पर 13 हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज

37 वर्षीय विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरा कर इतिहास रच दिया है. कोहली यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्हें इस ऐतिहासिक आंकड़े को छूने के लिए सिर्फ 12 रनों की जरूरत थी. कोहली ने अब तक 251 वनडे मैचों की 251 पारियों में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,062 रन बनाए हैं. वहीं, ओवरऑल वनडे करियर में कोहली अब तक 318 मैचों की 306 पारियों में 15,183 रन बना चुके हैं.

2. ODI में रन चेज में सचिन तेंदुलकर को छोड़ा पीछे

वनडे इंटरनेशनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 74 रनों की पारी खेलने के बाद कोहली के नाम रन चेज में 8,741 रन हो गए हैं. वहीं, सचिन तेंदुलकर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 8,720 रन बनाए थे. इस मामले में कोहली का औसत 66.21 और स्ट्राइक रेट 95.03 का है, जबकि सचिन का औसत 42.33 और स्ट्राइक रेट 88.44 रहा था.

विज्ञापन

3. न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज

विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. कोहली, रिकी पोंटिंग और पाकिस्तान के बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 27-27 बार 50 प्लस स्कोर बनाया है. वहीं, इंग्लैंड के जो रूट 26 बार यह कारनामा कर चुके हैं.

4. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में पोंटिंग की बराबरी की

विराट कोहली ने वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है. दोनों बल्लेबाजों के नाम अब कीवी टीम के खिलाफ 1,971 रन दर्ज हैं. इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर 1,750 रनों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं.

विज्ञापन

5. वीरेंद्र सहवाग को भी पछाड़ा

विराट कोहली ने न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है. कोहली के नाम न्यूजीलैंड में अब 670 वनडे रन हो गए हैं, जबकि सहवाग ने 598 रन बनाए थे. इस सूची में सचिन तेंदुलकर 821 रनों के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं.

ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने बनाए 74 रन, लेकिन 2 विकेट लेने वाले अंशुल कंबोज ने छीन लिया POTM अवॉर्ड

विज्ञापन

6. SENA देशों में 50+ का औसत रखने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज

विराट कोहली अब SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में वनडे क्रिकेट में 50 से अधिक की औसत रखने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. इन चारों देशों में कोहली का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. कोहली ने साउथ अफ्रीका में 20 वनडे मुकाबलों की 18 पारियों में 76.38 की शानदार औसत से 993 रन बनाए हैं. वहीं, इंग्लैंड में कोहली के नाम 36 मैचों में 51.48 की औसत से 1,493 रन दर्ज हैं. इसके अलावा, उन्होंने न्यूजीलैंड में खेले 14 मुकाबलों में 51.53 की औसत से 670 रन बनाए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया में उनके बल्ले से 32 पारियों में 50.03 की औसत से 1,401 रन निकले हैं.

7. SENA देशों में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज

वहीं, किंग कोहली ने SENA देशों की टीमों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह इन चारों देशों के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली अब तक यह कारनामा 134 बार कर चुके हैं. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने SENA टीमों के खिलाफ 133 बार 50 या उससे अधिक रन बनाए थे. इस सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा 100 बार के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

विज्ञापन

ये भी पढ़ें- IND vs PAK मुकाबले से पहले मचा बवाल, भारतीय बॉक्सर ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को सरेआम जड़ा थप्पड़, VIDEO वायरल

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola