Varun Chakravarthy: 29 जनवरी को आईसीसी ने अपनी नई रैंकिंग का ऐलान किया। आईसीसी टी-20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपना झंडा गाड़ा। हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर रैंकिंग में नंबर 1 पर विराजमान हैं तो तिलक वर्मा को भी तगड़ा फायदा हुआ है। आईसीसी टी-20 बॉलिंग रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती को भी तगड़ा फायदा हुआ है। उन्होंने दुनिया के 25 खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा है।
वरुण का आईसीसी रैंकिंग में कमाल
आईसीसी टी-20 रैंकिंग में फिरकी गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने कमाल कर दिया है। वह नई रैंकिंग से पहले 30वें नंबर पर थे। लेकिन नई रैंकिंग के बाद वह पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें 25 पायदान का फायदा हुआ है। चक्रवर्ती ने जोफ्रा आर्चर, अर्शदीप सिंह के अलावा राशिद खान जैसे स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
ऐसा है टॉप 5 का हाल
आईसीसी टी-20 बॉलिंग रैंकिंग में इस वक्त आदिल रशीद 718 अंक के साथ नंबर 1 पर हैं। वहीं दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के गेंदबाज अकील हुसैन 707 अंक के साथ विराजमान हैं। तीसरे स्थान पर 698 अंक के साथ वानिंदु हसरंगा हैं। चौथे स्थान पर ऐडम जंपा हैं। उनके पास 694 अंक हैं, जबकि वरुण चक्रवर्ती 679 अंक के साथ पांचवें नंबर पर आ चुके हैं।
तीसरे टी-20 मैच में खोला पंजा
वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने आधी इंग्लैंड टीम को पवेलियन लौटाया था। वरुण के चक्रव्यूह में इंग्लैंड के बल्लेबाज परेशान दिखे थे। उन्होंने 4 ओवर में 24 रन खर्च कर 5 विकेट अपने नाम किए थे। इससे पहले वरुण ने दूसरे टी-20 मैच में भी शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने दूसरे मैच में 2 और पहले मैच में 3 विकेट अपने नाम किए थे। वरुण ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका फायदा उन्हें आईसीसी टी-20 रैंकिंग में मिला।