IND vs NZ: तिलक वर्मा-नीतीश रेड्डी का बड़ा कारनामा, तोड़ा पठान भाइयों का 17 साल पुराना रिकॉर्ड
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने 7वें विकेट के लिए शानदार 69 रनों की साझेदारी कर भारत को जीत दिलाई. इस मैच विनिंग साझेदारी के साथ तिलक-नीतीश ने पठान भाइयों का 17 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया.
तिलक और नीतीश ने 7वें विकेट के लिए 69 रनों की अटूट साझेदारी कर भारत को दिलाई जीत (PIC Credit - ANI)
IND vs NZ, Tilak Varma-Nitish Kumar Reddy: न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया और पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. हालांकि, न्यूजीलैंड से मिले 181 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 112 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे और जीत मुश्किल लग रही थी.
विज्ञापन
ऐसे में तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने न सिर्फ पारी को संभाला, बल्कि 7वें विकेट के लिए 69 रनों की अटूट साझेदारी कर भारत को रोमांचक जीत दिला दी. इसी के साथ तिलक-नीतीश की जोड़ी ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली और 17 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया.
विज्ञापन
तिलक-नीतीश ने तोड़ा पठान भाइयों का बड़ा रिकॉर्ड
दरअसल, तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सफल रन चेज में 7वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने वाली भारतीय जोड़ी बन गई है. इससे पहले यह रिकॉर्ड इरफान पठान और यूसुफ पठान के नाम दर्ज था, जिन्होंने साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में रन चेज करते हुए भारत के लिए 7वें विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की थी.
हालांकि, अब तिलक और नीतीश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 7वें विकेट के लिए 69 रनों की मैच विनिंग साझेदारी कर पठान भाइयों के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है. वहीं, टी20I में फुल मेंबर्स टीमों में सफल रन चेज में यह 7वें विकेट के लिए अब तक की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 6 चौके और एक छक्का जड़ा. वहीं, नीतीश ने 13 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 26 रन बनाए. वहीं, तिलक ने 51 रनों की नाबाद पारी खेलकर एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. टी20 इंटरनेशनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद लौटने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में तिलक अब चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस मामले में उन्होंने हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ दिया है.
विज्ञापन
तिलक अब तक 12 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद रहे हैं और इन सभी मैचों में भारतीय टीम को जीत मिली है. वहीं, हार्दिक 11 मुकाबलों में नाबाद लौटे हैं, जिनमें से 10 मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की. इस लिस्ट में सबसे ऊपर पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी का नाम दर्ज है. धोनी टी20I में लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 बार नाबाद रहे थे, जिसमें से 15 मुकाबलों में भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल रही थी.