T20 World Cup 2024 IND vs ENG Semi Final: टी20 विश्व कप में अब 4 टीमें सेमीफाइनल के लिए पक्की हो चुकी है। सेमीफाइनल में भारत, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका की टीमें हैं। पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच जंग देखने को मिलेगी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच भिड़ंत होगी। इस बार टीम इंडिया इंग्लैंड से पुराना हिसाब-किताब चुकता करना चाहेगी। टीम इंडिया इस बार विश्व कप में कमाल की फॉर्म में दिखाई दे रही है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया एक भी मुकाबला नहीं हारी है।
ऑस्ट्रेलिया से हो चुका है बदला पूरा
टीम इंडिया ने सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हराया था। जिसके बाद फैंस बोले की टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया से वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल का बदला ले लिया है। दरअसल वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया था।
वहीं इस बार टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप से बाहर होने की कगार पर कर दिया था। इस बार कप्तान रोहित ने कंगारू गेंदबाजों की जमकर पिटाई की थी। रोहित ने इस मैच में 92 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। अपनी पारी के दौरान रोहित ने 8 शानदार छक्के लगाए थे।
अब इंग्लैंड से होगा हिसाब बराबर!
टी20 विश्व कप 2024 में टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस बार टीम इंडिया साल 2022 की हार का बदला इंग्लैंड से लेना चाहेगी। टी20 विश्व कप 2022 में पहले भी ये दोनों टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने हुई थी।
उस दौरान इंग्लैंड ने टीम इंडिया को एकतरफा हराया था। उस मैच में इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी और टीम इंडिया को विश्व कप से बाहर का रास्ता दिखाया था। ऐसे में इस बार टीम इंडिया के पास पिछली हार का बदला लेने का पूरा-पूरा मौका है।