T20 World Cup 2024 Australia vs Namibia Warm Up Match: आईसीसी टी20 विश्व कप के मद्देनजर सभी टीमें जोरों से तैयारियों में लगी है। भारतीय टीम हो या फिर ऑस्ट्रेलिया दोनों विश्व कप के लिए वेस्टइंडीज और यूएसए पहुंच चुकी है। इस कड़ी में ऑस्ट्रेलिया ने आज यानी 29 मई को नामीबिया टीम के खिलाफ अपना वॉर्मअप मैच खेला है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 10 ओवर शेष रहते ही 7 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया, लेकिन एक कारण से यह मैच खूब सुर्खियों में आ गया है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर से लेकर बल्लेबाजी कोच और फील्डिंग कोच को भी मैदान पर फील्डिंग करते देखा गया। इन दिग्गजों को मजबूरी में फील्डिंग करनी पड़ी है। चलिए आपको बताते हैं यह नौबत क्यों आई।
इस कारण से पूर्व दिग्गजों को करनी पड़ी फील्डिंग
ऑस्ट्रेलिया और नामीबिया के बीच वार्म अप मैच में कंगारू टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस दौरान पहले गेंदबाजी करने उतरी नामीबिया 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 119 रन ही बना पाई। ऑस्ट्रेलिया की टीम जब गेंदबाजी कर रही थी, इस दौरान देखा गया कि ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली, फील्डिंग कोच आंद्रे बोरोवेक, बैटिंग कोच ब्रैड हॉज और हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी मैदान पर फील्डिंग की। इन दिग्गजों के लिए फील्डिंग करना मजबूरी इसलिए बन गई क्योंकि ऑस्ट्रेलिया टीम सिर्फ 9 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी।
पूर्व दिग्गजों ने लपके 2 कैच
बता दें कि आईपीएल 2024 खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी अभी तक टीम से नहीं जुड़ सके हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के स्क्वाड में शामिल सभी खिलाड़ी अभी तक टीम को ज्वाइन नहीं कर सके हैं। इस कारण से फील्डिंग की कमी को पूरी करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक पद पर विराजमान दिग्गजों ने मैदान पर फील्डिंग की। खास बात है कि बोरोवेक और बेली ने इस दौरान एक-एक कैच भी लपके, जबकि मैकडोनाल्ड ने भी एक गेंद पर बाउंड्री रोकने के लिए शानदार डाइव लगाई थी। मैकडोनाल्ड की उम्र को देखते हुए यह फील्डिंग काफी सराहनीय है।