Pakistan vs Sri Lanka: ट्राई सीरीज में 27 नवंबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबला रावलपिंडी में खेला गया था. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल स्कोर बनाया. श्रीलंका की ओर से कामिल मिशारा ने अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कुसल मेंडिस ने भी 40 रनों का योगदान दिया. पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आगा को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज खासा प्रभावित नहीं कर सका. श्रीलंका ने 6 रनों से जीत हासिल कर ली.
श्रीलंका ने बनाए 184 रन
सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने 7 गेंदों में 8 रन बनाए हैं. इसके अलावा कामिल मिशारा ने 48 गेंदों में शानदार 76 रनों की पारी खेली. उन्होंने 6 चौके के अलावा 3 छक्के अपने नाम किए. वह शानदार लय में दिख रहे थे और सभी दिशा में शॉट खेल रहे थे. हालांकि अबरार अहमद ने उन्हें आउट कर दिया.
इसके अलावा कुसल मेंडिस ने 23 गेंदों में 40 रन बनाए. जबकि कुसल परेरा के बल्ले से 6 रन निकले. अंत में जनिथ लियानागे ने 24 गेंदों में 24 और कप्तान दासुन शनाका ने 10 गेंदों में 17 रनों की पारी खेली. श्रीलंका ने 20 ओवर में 184/5 रन बनाए थे. पाकिस्तान की ओर से अबरार अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि सलमान मिर्जा ने 1 और सैम अयूब को 1 सफलता मिली.
पाकिस्तान को मिली हार
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत नहीं मिली. साहिबजादा फरहान ने 7 गेंदों में 9 रन बनाए, जबकि सैम अयूब ने 18 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली. इसके अलावा बाबर आजम का खाता नहीं खुला. उन्होंने 2 गेंदों में 0 रन बनाए. वहीं सलमान अली आगा ने अर्धशतकीय पारी खेली.
उन्होंने 44 गेंदों में नाबाद 63 रनों की पारी खेली. वह अंत तक रहकर भी टीम को जीत नहीं दिला सके. इसके अलावा उस्मान खान ने 23 गेंदों में 33 रन बनाए. पाकिस्तान 20 ओवर में 178/7 रन ही बना सकी.