PSL 2025: पाकिस्तान सुपर लीग 2025 में मोहम्मद रिजवान की टीम मुल्तान सुल्तान्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। बीती रात मुल्तान सुल्तान्स का सामना शादाब खान की इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ हुआ, इस मैच में मुल्तान सुल्तान्स को 47 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद कप्तान मोहम्मद रिजवान ने अपनी प्लेइंग इलेवन पर ही सवाल खड़ा कर दिया।
हार के बाद बौखलाए रिजवान
पीएसएल 2025 में मिली लगातार दूसरी हार के बाद मुल्तान सुल्तान्स के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने कहा “उन्होंने हमारी उम्मीदों से ज्यादा रन बनाए। गेंद थोड़ी ग्रिप कर रही थी। हमने 50-50 के मौके नहीं भुनाए। उन्हें लय और गति मिल गई। हम अभी भी अपनी बेहतरीन प्लेइंग इलेवन की तलाश कर रहे हैं। हम महत्वपूर्ण क्षणों को कैप्चर नहीं कर पाए। अभी भी शुरुआती दिन हैं, बल्ले और गेंद दोनों से चीजें हमारे अनुकूल नहीं रही हैं। हमें सुधार की उम्मीद है।” रिजवान का मानना है कि अभी तक मुल्तान सुल्तान्स को इस सीजन अच्छे तालमेल वाली प्लेइंग इलेवन नहीं मिला पाई है, जिसके चलते टीम हार रही है।
इस्लामाबाद यूनाइटेड ने बनाए थे 202 रन
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शादाब खान की इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 20 ओवर में 202 रन बनाए थे। इस्लामाबाद की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान ने एक बार फिर से शानदार पारी खेली, इस मैच में उनके बल्ले से 53 रन निकले। जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके अलावा कॉलिन मुनरो ने 25 गेंदों पर 48 रन की पारी खेली थी। वहीं जेसन होल्डर ने नाबाद 32 रन की पारी खेली थी।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहम्मद रिजवान की टीम मुल्तान सुल्तान्स 18.4 ओवर में 155 रन पर ढेर हो गई थी। मुल्तान सुल्तान्स की तरफ से कप्तान मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा 38 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा इफ्तिखार अहमद ने 32 रन और उस्मान खान ने 20 गेंदों पर 31 रन बनाए थे। इस्लामाबाद यूनाइटेड की तरफ से गेंदबाजी करते हुए जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए थे। जेसन होल्डर को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।