Pakistan Champions Trophy Squad: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। मोहम्मद रिजवान के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं, फखर जमान को भी टीम में शामिल किया गया है। कामरान गुलाम को भी टीम में जगह दी गई है। सलमान आगा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि, सैम अयूब को 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। फहीम अशरफ, खुशदिल शाह और सऊद शकील की भी टीम में वापसी हुई है। पाकिस्तान अपने अभियान का आगाज टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 फरवरी को करेगा।

पाकिस्तान टीम का ऐलान

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है। साल 2017 में फाइनल मुकाबले में शतकीय पारी खेलने वाले फखर जमान की टीम में वापसी हुई है। फखर ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 11 नवंबर 2023 को खेला था। इसेक साथ ही फहीम अशरफ और ऑलराउंडर खुशदिल शाह को भी टीम में मौका दिया गया है। खुशदिल ने पाकिस्तान की जर्सी में अपना आखिरी एकदिवसीय मुकाबला 7 अक्टूबर 2023 को खेला था। बाबर आजम टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। उपकप्तान की जिम्मेदारी सलमान आगा के हाथों में सौंपी गई है।

सैम अयूब टीम से बाहर

पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में सैम अयूब को शामिल नहीं किया गया है। अयूब एंकल इंजरी से जूझ रहे हैं। हालांकि, पीसीबी ने उम्मीद जताई है कि अयूब शायद समय रहते फिट हो जाएं। पाकिस्तान अपने स्क्वॉड में 11 फरवरी तक चेंज कर सकता है। अब्दुला शफीक, मोहम्मद इरफान खान को टीम में जगह नहीं दी गई है। गेंदबाजी की कमान शाहीन शाह अफरीदी संभालेंगे। वहीं, हैरिस रऊफ, नसीम शाह और मोहम्मद हसनैन अफरीदी का साथ देते हुए नजर आएंगे। पाकिस्तान की यही 15 सदस्यीय टीम त्रिकोणीय सीरीज में भी खेलती हुई नजर आएगी। ट्राई सीरीज में पाकिस्तान के अलावा साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड खेलती हुई नजर आएगी।

पाकिस्तान का शेड्यूल

पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप-ए में रखा गया है। टीम अपने अभियान का आगाज 19 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम की अगली भिड़ंत भारत के साथ 23 फरवरी को होगी। ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में पाकिस्तान 27 फरवरी को बांग्लादेश से भिड़ेगा।