Babar Azam Injury: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम चोटिल हो गए हैं. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 19 अगस्त से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत होनी है, लेकिन उससे पहले बाबर की चोट ने टीम की टेंशन बढ़ा दी है. दरअसल, सीरीज से पहले पाकिस्तान की टीम प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेल रही है. इसी मैच के दूसरे दिन बाबर को चोट लग गई, जिसके कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.
बाबर आजम चोट के बाद हुए रिटायर्ड हर्ट
प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दूसरे दिन पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 5 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. तभी एक तेज हाफ-पिच गेंद उनके दाहिने हाथ पर जाकर लगी. गेंद अचानक उछली, जिससे बाबर संभल नहीं पाए और चोट लगते ही उन्होंने अपना बल्ला जमीन पर फेंक दिया. गेंद लगने के बाद बाबर दर्द से कहराते नजर आए. टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और बाबर की चोट की जांच की. इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने कोई जोखिम नहीं लिया और बाबर को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा. बाबर की इस चोट ने पाकिस्तान की चिंता बढ़ा दी है.
इंग्लैंड सीरीज से पहले बढ़ी पाकिस्तान की टेंशन
बाबर आजम की चोट कितनी गंभीर है, फिलहाल इसको लेकर कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है. टीम मैनेजमेंट उनकी चोट की जांच कर रही है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि यह सिर्फ सामान्य चोट या सूजन हो और हड्डी को किसी तरह का नुकसान न पहुंचा हो. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं. ऐसे में बाबर की फिटनेस पाकिस्तान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. अगर उनकी चोट गंभीर होती है तो यह टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी रहेंगी की इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में होने वाले पहले टेस्ट से पहले बाबर फिट हो पाते हैं या नहीं.
शानदार फॉर्म में हैं बाबर आजम
इंग्लैंड रवाना होने से पहले पाकिस्तान की टीम पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज बराबरी पर खत्म करने में सफल रही थी. पाकिस्तान की इस जीत में बाबर आजम ने अहम भूमिका निभाई थी. इस मुकाबले में बाबर ने पहली पारी में 88 रनों की पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में 24 रन बनाकर नाबाद रहे.
इससे पहले तारौबा में खेले गए सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 23 रन और नाबाद 58 रन की पारियां खेली थीं. बाबर ने इस दो मैचों की सीरीज में लगातार दो अर्धशतक जड़े और सबसे ज्यादा 193 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने. बाबर इस समय शानदार फॉर्म चल रहे हैं. ऐसे में अगर वह चोट के कारण इंग्लैंड सीरीज से बाहर होते हैं तो यह पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा नुकसान साबित होगा.