PKL 2025: प्रो कबड्डी लीग 2025 के 5वें मैच में यू मुंबा ने रोमांच से भरे मुकाबले में तमिल थलाइवाज को 36-33 से शिकस्त दी। यू मुंबा की ओर से रेडर अजित चौहान ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 9 पॉइंट अपने नाम किए। वहीं, ऑलराउंडर अनिल ने भी दमदार खेल दिखाया। तमिल की ओर से अर्जुन देशवाल सुपर 10 हासिल करने के बावजूद टीम की हार को नहीं टाल सके। कप्तान पवन सेहरावत ने भी 7 पॉइंट हासिल किए, जबकि डिफेंस में नीतिश कुमार का बढ़िया खेल भी तमिल की नैया को पार नहीं लगा सका।
यू मुंबा ने मारी बाजी
यू मुंबा ने प्रो कबड्डी लीग 2025 में लगातार दूसरे मैच में अपनी धांसू फॉर्म को जारी रखा है। विशाखापट्टनम में खेले गए मुकाबले में यू मुंबा की टीम एक समय पर 9 पॉइंट से पीछे चल रही थी, लेकिन अपने दमदार डिफेंस के बूते टीम जोरदार कमबैक करने में सफल रही।
---विज्ञापन---
यू मुंबा ने मैच में दो बार ऑलआउट टाला। टीम ने सुपर टैकल करते हुए स्कोर को बराबर किया और फिर तमिल की टीम को ऑलआउट करते हुए मैच में बढ़त हासिल कर ली। मुंबा की ओर से अजित चौहान ने रेड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9 पॉइंट हासिल किए, जो टीम के लिए काफी अहम साबित हुए।
---विज्ञापन---
वहीं, ऑलराउंडर अनिल भी 7 पॉइंट निकालने में सफल रहे। अनिल की 10 में से 5 रेड कामयाब रही, जबकि टैकल में भी वह टीम को एक पॉइंट दिलाने में सफल रहे। मुंबा के लिए डिफेंस में रिंकू और लोकेश की जोड़ी ने बढ़िया खेल दिखाया। दोनों ने ही 4-4 पॉइंट अर्जित किए।
---विज्ञापन---
अर्जुन का सुपर 10 भी नहीं आया काम
अर्जुन देशवाल ने लगातार दूसरे मैच में सुपर 10 लगाया, लेकिन वह फिर भी टीम की हार को नहीं टाल सके। अर्जुन की 18 में से 10 रेड सफल रही। हालांकि, कप्तान पवन सेहरावत अपनी लय से भटके हुए नजर आए। पवन की 13 में से सिर्फ 6 रेड ही कामयाब रही और वह 7 पॉइंट ही ला सके।
---विज्ञापन---
तमिल के डिफेंस ने तो अच्छा खेल दिखाया, लेकिन रेडर्स उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। तमिल की यह इस सीजन की पहली हार है, जबकि यू मुंबा लगातार दूसरी जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
---विज्ञापन---