India vs England: 15 अगस्त से हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है. टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में वेल्स के खिलाफ शानदार गेम दिखाया. टीम को 3-1 से जीत मिली. अब भारत का मैच खतरनाक इंग्लैंड से होने वाला है. आज 17 अगस्त को दोनों टीमों की टक्कर देखने को मिलेगी. भारत को कड़ी चुनौती मिलने वाली है. सभी की नजरें कप्तान हरमनप्रीत सिंह और संजय राणा के ऊपर होंगी. पिछले मैच में दोनों खिलाड़ियों ने बढ़िया प्रदर्शन किया था. आइए आपको बताते हैं कि भारत और इंग्लैंड के बीच मैच कब और कहां खेला जाएगा. साथ ही इस मैच को टीवी और मोबाइल पर कैसे देख पाएंगे?
लाइव स्ट्रीमिंग की जानकारी
भारत और इंग्लैंड के बीच हॉकी वर्ल्ड कप का मैच वैगनर हॉकी स्टेडियम, अम्स्टेलवीन में खेला जाने वाला है. दोनों टीमें मुकाबले के लिए तैयार हैं. मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा. इस तगड़े मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध होगी. भारत में हॉकी वर्ल्ड कप का मैच Star Sports Select 2 (SD और HD), Star Sports Khel और DD Sports (DD Free Dish) टीवी चैनलों पर लाइव दिखाया जाएगा.
भारत-इंग्लैंड की रही है तगड़ी राइवलरी
भारत और इंग्लैंड के बीच हमेशा कांटे की टक्कर रही है. भारत अभी 10-9 से आगे चल रहा है और ये कोई बड़ा अंतर नहीं है. दोनों के बीच पांच मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं. हाल ही में FIH प्रो लीग हुआ था. वहां पर दोनों टीमें तय समय से मुकाबला नहीं जीत पाई थीं. शूटआउट में दोनों को एक-एक जीत मिली और मुकाबला ड्रॉ पर छूटा. हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने भी तगड़ी शुरुआत की है. इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया है. भारत ने वर्ल्ड कप में 32 साल पहले इंग्लैंड को मात दी थी. टीम इंडिया तब से दूसरी जीत की तलाश में है.
मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम
हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), मोहित एचएस, सूरज करकेरा, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, राजिंदर सिंह, आदित्य लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकंठ शर्मा, विवेक प्रसाद, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह और अभिषेक.