MLC 2025: मेजर लीग क्रिकेट 2025 का 18वां मैच सिएटल ऑकर्स और एमआई न्यूयॉर्क के बीच खेला गया था। इस मैच को सिएटल ऑकर्स ने 3 विकेट से जीत लिया। ये इस सीजन सिएटल ऑकर्स की पहली जीत है। इससे पहले टीम के पहले 5 मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। सिएटल ऑकर्स की जीत में शिमरोन हेटमायर ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने एमआई न्यूयॉर्क के गेंदबाजों को जमकर धोया। हालांकि हेटमायर अपने शतक से चूक गए।

हेटमायर ने ठोके नाबाद 97 रन

इस मैच को जीतने के लिए सिएटल ऑकर्स के सामने 238 रन का लक्ष्य था। जिसको सिएटल ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। सिएटल की तरफ से शिमरोन हेटमायर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 40 गेंदों पर 97 रन की पारी खेली। अपनी पारी में हेटमायर ने 9 छक्के और 5 चौके लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 242 का रहा। इसके अलावा काइल मेयर ने 37 और सिकंदर रजा ने 30 रन की पारी खेली थी।

सिएटल ऑकर्स ने रचा इतिहास

सिएटल ऑकर्स ने मेजर लीग क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी रन चेज की है। अभी तक इतना बड़ा टागरेट कोई टीम हासिल नहीं कर पाई थी। इससे पहले इसी सीजन में वाशिंगटन फ्रिडम ने 223 रन का टारगेट हासिल किया था। जिसको अब सिएटल ने पीछे छोड़ दिया है।

निकोलस पूरन का शतक गया बेकार

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 237 रन बनाए थे। एमआई न्यूयॉर्क की तरफ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए निकोलस पूरन ने 60 गेंदों पर 108 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इस मैच में पूरन ने अपना शतक 55 गेंदों पर पूरा कर लिया था। हालांकि उनका शतक भी टीम को जीत नहीं दिला सका। इसके अलावा तजिंदर ढिल्लों ने 95 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। 6 मैचों नें एमआई न्यूयॉर्क की ये पांचवीं हार है। ये भी पढ़ें:- फ्रेंचाइजी ने कोच को निकाला, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी ने बीच सीजन MLC में छोड़ दी कप्तानी