क्या पाकिस्तान क्रिकेट को अलविदा कहेंगे खुशदिल शाह? वायरल दावों पर खुद तोड़ी चुप्पी
Khushdil Shah: लंबे समय से पाकिस्तानी टीम से बाहर चल रहे खुशदिल शाह को लेकर सोशल मीडिया पर एक खबर खूब वायरल हो रही थीं. दावा किया जा रहा था कि टीम में जगह नहीं मिलने से निराश खुशदिल पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं. इस पर अब उन्होंने खुद चुप्पी तोड़ी है.
Khushdil Shah on Leaving Pakistan Cricket: पाकिस्तान क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे स्टार ऑलराउंडर खुशदिल शाह को लेकर अचानक एक खबर सामने आई, जिससे हलचल मच गई. सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि लंबे समय से राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिलने से निराश खुशदिल शाह पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ने का मन बना रहे हैं. मामला इतना बढ़ गया कि उन्हें खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई देनी पड़ी.
खुशदिल ने पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ने की खबरों को पूरी तरह फर्जी बताया है. उन्होंने साफ कहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में कोई बदलाव नहीं आया है और देश का प्रतिनिधित्व करना आज भी उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
---विज्ञापन---
पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ने की खबरों पर खुशदिल शाह ने तोड़ी चुप्पी
31 वर्षीय खुशदिल शाह ने शुक्रवार, 7 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी के जरिए पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान उनका घर है और देश के लिए खेलना उनके लिए हमेशा सबसे बड़ा सम्मान रहा है. उन्होंने इन अफवाहों को सिरे से खारीज करते हुए फैंस से भी अपील की कि वे बिना पुष्टि वाली खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करें.
उन्होंने लिखा, “ऐसी फर्जी खबरें चल रही हैं कि मैं पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ रहा हूं. यह पूरी तरह गलत है. पाकिस्तान मेरा घर है और इस देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता और सबसे बड़ा सम्मान रहा है. कृप्या इन बेबुनियाद अफवाहों पर भरोसा न करें. पाकिस्तान क्रिकेट के प्रति मेरी प्रतिबद्धता न बदली है और ना कभी बदलेगी.”
---विज्ञापन---
🚨 Khushdil Shah Instagram Story.
– Khushdil Shah cleared that all the news regarding his leaving Pakistan and playing for another country are all fake and baseless. – He added that he will play for Pakistan Cricket only. 💚🇵🇰 pic.twitter.com/rMiLdqVK4b
दरअसल, शुक्रवार को करीब दो महीने पुराना एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हो गया. इस इंटरव्यू में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अब्बास आफरीदी ने खुशदिल शाह के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया था. आफरीदी के मुताबिक, खुशदिल ने उनसे कहा था कि उनके पास करीब 4 महीने का समय बचा है और अगर इस दौरान उन्हें राष्ट्रीय टीम से बुलावा नहीं मिला तो वह पाकिस्तान छोड़ने के बारे में सोच सकते हैं.
इस पुराने बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे खुशदिल के भविष्य से जोड़ा जाने लगा. देखते ही देखते अफवाहों का बाजार गर्म हो गया और चर्चा शुरू हो गई कि लगातार टीम से नजरअंदाज किए जाने के कारण खुशदिल पाकिस्तान क्रिकेट से अलग होने का फैसला करने वाले हैं. हालांकि, अब पाकिस्तानी खिलाड़ी ने खुद चुप्पी तोड़कर इन सभी अटकलों पर विराम लग दिया है.
खुशदिल शाह ने नवंबर 2019 में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. वह पाकिस्तान के लिए अब तक 15 वनडे और 38 टी20I मैच खेल चुके हैं. वनडे में खुशदिल ने खेले 15 मैचों में 328 रन बनाने के साथ 4 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, टी20I क्रिकेट में उनके नाम 434 रन और 6 विकेट दर्ज हैं. ऑलराउंडर के तौर पर उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से पाकिस्तान टीम की सफलता में योगदान दिया है, लेकिन वह पिछले कुछ समय में टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं.
कब खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच?
खुशदिल शाह ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला पिछले साल खेले गए यूएई में खेले गए एशिया कप 2025 में खेला था. खुशदिल को ग्रुप स्टेज में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, जिसमें वह सिर्फ 4 रन ही बना सके. इसके बाद टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में उन्हें प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली और बाद में वह राष्ट्रीय टीम से भी बाहर हो गए. हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान टीम में अपनी वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है.
हिंदी न्यूज़/खेल/क्या पाकिस्तान क्रिकेट को अलविदा कहेंगे खुशदिल शाह? वायरल दावों पर खुद तोड़ी चुप्पी
End of Article
About the Author
Sanjeet
संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.