ICC Rankings: 12 अगस्त को आईसीसी ने अपनी नई रैंकिंग जारी की है. आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को फायदा हुआ है. उन्होंने टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में 5 पायदान की छलांग लगाते हुए टॉप-10 में एंट्री मार ली है. वहीं, दूसरी ओर भारत के 3 स्टार खिलाड़ियों को नुकसान हुआ है. लिस्ट में जसप्रीत बुमराह का भी नाम शामिल है. उन्हें वनडे बॉलिंग रैंकिंग में नुकसान हुआ है.
इन 3 भारतीय खिलाड़ियों को हुआ नुकसान
आईसीसी वनडे बॉलिंग रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को 1-1 पायदान का नुकसान हुआ है. सिराज 22वें स्थान से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि बुमराह को भी 1 पायदान का नुकसान हुआ है. बुमराह 24वें स्थान से 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं, टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में ऋषभ पंत को नुकसान हुआ है. वह 13वें स्थान से 14वें स्थान पर आ गए हैं. पंत को आईसीसी रैंकिंग टॉप-10 में जगह बनाने के लिए श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में कमाल का प्रदर्शन करना होगा.
वनडे बैटिंग रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार
आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है. टॉप-5 बल्लेबाजों में रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल का नाम शामिल है. गिल 801 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि विराट कोहली 767 अंक के साथ तीसरे नंबर पर हैं, वहीं, रोहित शर्मा 758 अंक के साथ चौथे नंबर पर हैं.
वहीं, टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह 870 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि रवींद्र जडेजा टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में अपना झंडा गाड़े हुए हैं. वह 446 रेटिंग पॉइंट के साथ पहले नंबर पर हैं. ये खिलाड़ी लगातार भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और आईसीसी रैकिंग में अपनी बादशाहत बनाए हुए हैं.
वहीं, अब श्रीलंका के खिलाफ होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों पर नजरें रहने वाली है. ये खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर आईसीसी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाना चाहेंगे.