IPL 2026, Krunal Pandya: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आरसीबी ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया. 18 साल के लंबे इंतजार के बाद बेंगलुरु की टीम ने पिछले सीजन अपना पहला खिताब जीता था और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने में कामयाब रही. इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया और ट्रॉफी के साथ यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं.

ग्रुप फोटो के दौरान आरसीबी के सभी खिलाड़ी जीत का जश्न मनाते हुए दो उंगलियां दिखाते नजर आए, क्योंकि टीम ने दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है. लेकिन इस दौरान टीम के स्टार ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने दो नहीं, बल्कि 5 उंगलियां दिखाते नजर आए, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह क्या थी?

---विज्ञापन---

क्रुणाल पंड्या ने क्यों किया '5' का इशारा?

आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) भले ही अब तक दूसरी बार चैंपियन बनी हो, लेकिन क्रुणाल पांड्या व्यक्तिगत रूप से पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं. यही वजह थी कि उन्होंने जश्न के दौरान पांच उंगलियां दिखाकर अपनी उपलब्धि का संकेत दिया. क्रुणाल ने आईपीएल करियर की शुरुआत 2016 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी. इसके बाद वह 2017, 2019 और 2020 में मुंबई की खिताबी टीम का हिस्सा रहे.

---विज्ञापन---

बाद में, आरसीबी से जुड़ने के बाद उन्होंने 2025 और 2026 में लगातार दो और खिताब जीते. इस तरह वह अपने आईपीएल करियर में कुल 5 बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं. वहीं, जश्न मनाते समय क्रुणाल का यह इशारा देखते ही विराट कोहली अपनी हंसी नहीं रोक पाए. उन्होंने तुरंत मुस्कुराते हुए क्रुणाल की ओर इशारा किया, जबकि कप्तान रजत पाटीदार भी इस मजेदार पल का आनंद लेते हुए हंसते नजर आए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

---विज्ञापन---

सबसे ज्यादा IPL ट्रॉफी जीतने वाले खिलाड़ियों में शामिल

इसी के साथ क्रुणाल पांड्या अब आईपीएल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं. क्रुणाल ने IPL में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में एमएस धोनी, कीरोन पोलार्ड और अपने भाई हार्दिक पांड्या की बराबरी कर ली है. इन सभी खिलाड़ियों ने अपने करियर में 5-5 बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है. हालांकि, रोहित शर्मा और अंबाती रायडू के नाम सबसे ज्यादा IPL ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है, जिन्होंने 6-6 बार ट्रॉफी उठाई हैं.

---विज्ञापन---

IPL इतिहास में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाले खिलाड़ी

6 – रोहित शर्मा
6 – अंबाती रायडू
5 – एमएस धोनी
5 – कीरोन पोलार्ड
5 – हार्दिक पांड्या
5 – क्रुणाल पांड्या

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 से की करोड़ों की कमाई, 15 साल के स्टार ने सिर्फ अवॉर्ड्स से ही बटोर लिए लाखों रुपये

IPL 2026 में क्रुणाल पांड्या का शानदार प्रदर्शन

क्रुणाल पांड्या ने आईपीएल 2026 के पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया और आरसीबी की इस सफलता में अहम भूमिका निभाई. इस सीजन उन्होंने 16 मैचों में 226 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146 और औसत 37.66 का रहा. वहीं, गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाया और 8.41 की इकॉनमी के साथ 14 विकेट अपने नाम किए.

इससे पहले आईपीएल 2025 में उन्होंने आरसीबी के लिए 17 विकेट चटकाए थे, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ आईपीएल सीजन रहा था. लगातार दो खिताबी अभियानों में अहम भूमिका निभाकर क्रुणाल ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक उपयोगी ऑलराउंडर ही नहीं, बल्कि बड़े मौकों पर टीम को जीत दिलाने वाले खिलाड़ी भी हैं.

ये भी पढ़ें- IPL 2026 ट्रॉफी जीत के बाद भी इन 3 खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है RCB, मैनेजमेंट लेगा मुश्किल फैसला?